विश्‍व आदिवासी दिवस आज, किसानों को सौगातकी उम्मीद

 

रांची। सोमवार को विश्‍व आदिवासी दिवस है। इस अवसर को यादगार बनाने के मकसद से राज्‍य सरकार किसानों को कई सौगात देगी। इसे लेकर कल कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कृषि सचिव अबु बकर सिद्दिकी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्घाटन सीएम हेमंत सोरेन करेंगे। वहीं कृषि मंत्री बादल पत्रलेख मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में किसानों को केसीसी कार्ड और पशुधन दिया जायेगा। वहीं राज्‍य के सभी जिलों से किसान आयेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री दुमका और बोकारो के किसानों से वर्चुवल बात भी करेंगे। कुल 62,646 लाभुकों को मिलेगा पशुधन। सचिव के अनुसार वित्तीय वर्ष 2020-21 के दौरान 40 हजार लाभुकों के बीच 154 करोड़ रुपये के पशुधन वितरण की मंजूरी दी गई थी। वहीं चालू वित्तीय वर्ष 2021-22 में 147.71 करोड़ की लागत से 62,646 लाभुकों के बीच पशुधन वितरण का लक्ष्य है। लाभुकों को पशुधन के साथ उसका चारा, पानी के लिए बोरिंग और पशुओं को रखने के लिए शेड निर्माण की भी व्यवस्था की गयी है। सरकार किसान क्रेडिट कार्ड पर फोकस कर रही है। इससे जहां किसानों को कम ब्याज दर पर बैंकों से कार्यशील पूंजी मिलेगी, वहीं किसान ऊंचे ब्याज दर वाले साहूकारों के कर्ज के जाल में भी नहीं फंसेंगे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अप्रैल से अभी तक किसानों से केसीसी के लिए 6,86,661 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 1,39,434 आवेदन स्वीकृत किये जा चुके हैं। शेष की स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है। कृषि सचिव ने बताया कि हजारीबाग बाजार समिति ने बेहतर कार्य का नमूना प्रस्तुत करते हुए पूरे देश में सातवां स्थान पाया है। यह राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। कार्यक्रम के दौरान हजारीबाग बाजार समिति को मुख्यमंत्री के हाथों पुरस्कृत किया जाएगा। वेजफेड के माध्यम से सब्जी बिक्रेता सहकारी संघ को 50 पिकअप वैन दिलाने की पहल की गई है। इससे सब्जियों को खराब होने के पहले बाजार तक पहुंचाना संभव होगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse