राज काज

View All
Published / 2026-06-05 23:09:57
झारखंड : 18% महंगी हुई बस किराया

  • इस राज्य में महंगी हुई बस यात्रा, किराए में 18% की बढ़ोतरी; जानें नई दरें

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में बस मालिकों के एक संघ ने ईंधन की बढ़ती लागत के कारण किराए में 18 प्रतिशत की वृद्धि की है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डीजल की कीमतों के 100 रुपए प्रति लीटर से अधिक होने के बाद यह निर्णय लिया गया।

झारखंड बस ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण बुधिया ने कहा, हमने आखिरी बार एक जुलाई 2021 को बस किराए में बढ़ोतरी की थी। पिछले 59 महीनों में विभिन्न मार्गों पर नए टोल प्लाजा स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा पश्चिम एशिया में संकट के कारण डीजल की कीमतें 100 रुपए प्रति लीटर से अधिक हो गई हैं। परिणामस्वरूप, बस मालिकों को नुकसान हो रहा है। इसलिए, हमने बस किराए में 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है।

जानें नई दरें

फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि अगर निकट भविष्य में डीजल, टायर और कल-पुर्जों की कीमतें कम होती हैं तो किराये में कमी आएगी। नई दरों के अनुसार, रांची से गढ़वा जाने वाली बसों का किराया 400 रुपए से बढ़कर 470 रुपए हो गया है। इसी प्रकार, रांची से पलामू जाने वाले यात्रियों को अब 350 रुपए के बजाय 415 रुपए देने होंगे। 

गुमला का किराया अब 200 रुपए से बढ़कर 240 रुपए हो गया है और सिमडेगा का किराया 230 रुपए से बढ़कर 270 रुपए हो गया है। लंबी दूरी के मार्गों के किराए में भी बढ़ोतरी की गई है। रांची से कोलकाता का किराया 500 रुपए से बढ़ाकर 590 रुपए किया गया है और रांची से पटना का किराया भी अब 590 रुपए है।

Published / 2026-06-04 22:10:12
रांची में पुलिस-व्यवसायी समन्वय समिति की बैठक

टीम एबीएन, रांची। थाना स्तर पर झारखंड चैंबर आॅफ कॉमर्स द्वारा आयोजित पुलिस-व्यवसायी समन्वय समिति की बैठकों के क्रम में आज पंडरा ओपी में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंडरा थाना क्षेत्र के बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित हुए तथा क्षेत्र की विधि-व्यवस्था एवं व्यापारिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में एएसपी कोतवाली निखिल राय,  थाना प्रभारी विवेक कुमार एवं पंडरा यातायात थाना के एसआई धर्मेंद्र कुमार उपस्थित थे। 

व्यापारियों ने पंडरा कृषि मंडी में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग रखी। यह बताया गया कि मंडी परिसर में शाम के समय अवैध महुआ शराब की बिक्री एवं जुआ का संचालन होने से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ रही हैं। 

रांची चैंबर पंडरा के अध्यक्ष संजय माहुरी ने कहा कि पुलिस द्वारा पूर्व में की गई कार्रवाई के बाद ऐसी गतिविधियां बंद हो गयी थीं, लेकिन पुन: शुरू हो गई हैं। उन्होंने आग्रह किया कि शाम 6 बजे के बाद मंडी क्षेत्र में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए। निरंतर पुलिस गश्ती मात्र से ही व्यवस्था में सुधार संभव है। 

चैंबर के सह सचिव रोहित पोद्दार ने कहा कि लगभग 64 एकड़ में फैली कृषि मंडी की कई जगहों पर बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त है। उन्होंने सुझाव दिया कि सुरक्षा की दृष्टि से थाना प्रशासन कृषि विभाग को बाउंड्री वॉल की मरम्मत हेतु पत्राचार करे। इस पर एएसपी कोतवाली ने आश्वस्त किया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के माध्यम से कृषि विभाग को पत्र भेजा जायेगा। 

साथ ही मंडी परिसर में स्ट्रीट लाइट की कमी की ओर भी ध्यान आकृष्ट कराया गया। बैठक में यह भी बताया गया कि मंडी में वर्तमान में 12 सुरक्षा गार्ड कार्यरत हैं। पुलिस और सुरक्षा गार्डों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकता है। व्यापारियों ने मंडी के सभी प्रवेश एवं निकास द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। 

व्यापारियों ने मुख्य सड़क से मंडी प्रवेश द्वार तक वाहनों की तेज गति और बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण दुर्घटना की आशंका जताते हुए वहां ट्रैफिक सिग्नल अथवा यातायात कर्मी की तैनाती की मांग की। टर्निंग प्वाइंट पर दिनभर जाम की स्थिति बने रहने का मुद्दा भी उठाया गया। 

एएसपी कोतवाली ने व्यापारियों से थाना क्षेत्र के संवेदनशील स्थलों की जानकारी मांगी तथा कहा कि ऐसे स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं के समाधान हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। 

चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल के आग्रह पर एएसपी कोतवाली ने प्रत्येक माह थाना क्षेत्र के व्यापारियों के साथ नियमित बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया। साथ ही पुलिस एवं व्यापारियों के बीच त्वरित संवाद और समन्वय के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने पर भी सहमति बनी। 

लॉ एंड आॅर्डर उप समिति के चेयरमैन मुकेश अग्रवाल ने शाम के समय निरंतर पुलिस पेट्रोलिंग तथा मंडी में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने की मांग की। यह भी कहा कि शहर की विधि व्यवस्था की मजबूती हेतु चैम्बर द्वारा आगे भी अन्य थाना क्षेत्रों में बैठकों का आयोजन किया जायेगा। 

आलू प्याज विक्रेता संघ के सचिव रोहित कुमार ने मनातू चौक से रवि स्टील चौक तक पेट्रोलिंग बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि मुख्य बाजार परिसर में शाम के समय सन्नाटा रहने के कारण सुरक्षा संबंधी चिंताएं बनी रहती हैं। बैठक में आलू प्याज संघ के अध्यक्ष मदन साहू, व्यापारी नितिन सराफ, पंकज साबू सहित अन्य व्यापारियों ने भी अपने सुझाव रखे। 

बैठक के उपरांत एएसपी कोतवाली ने अपनी टीम के साथ चैंबर पदाधिकारियों एवं कृषि मंडी के व्यापारियों के साथ मंडी परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान संदिग्ध एवं संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया गया तथा दुकानदारों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। 

बैठक में चैम्बर महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव रोहित पोद्दार, लॉ एंड आर्डर उप समिति चेयरमैन मुकेश अग्रवाल, सदस्य प्रमोद सारस्वत, शशांक भरद्वाज, किशन अग्रवाल, पंडरा मंडी के मदन साहू, संजय माहुरी, रोहित कुमार, कौशिक बदनी, राहुल कुमार, बालमुकुंद कुमार, रामलखन साहू, कृष्णा कुमार, अनिल शर्मा, पंकज साबू, रवि साहू, विजय कुमार, लखन प्रसाद, गणेश अग्रवाल, ब्रजेश कुमार सहित कई व्यापारी उपस्थित थे। उक्त जानकारी संगठन के महासचिव रोहित अग्रवाल ने दी।

Published / 2026-06-04 20:47:08
गोड्डा : सीबीआई ने किया एसबीआई के मैनेजर-कैशियर को अरेस्ट

एसबीआई बैंक में सीबीआई का छापा, मैनेजर और कैशियर की गिरफ्तारी से मचा हड़कंप 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, गोड्डा। जिले के महागामा प्रखंड स्थित डुमरिया स्थित एसबीआई शाखा में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई से बैंकिंग क्षेत्र में हड़कंप मच गया। धनबाद स्थित सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) की टीम ने शाखा प्रबंधक रोहित कुमार और एक कैशियर को कथित तौर पर 77 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।  

कर्मचारियों और ग्राहकों में मची अफरा-तफरी  

अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सीबीआई की टीम शाम करीब चार बजे बैंक पहुंची और रात आठ बजे तक शाखा परिसर में गहन जांच-पड़ताल करती रही। इस दौरान अधिकारियों ने बैंक से जुड़े दस्तावेजों और अभिलेखों की जांच की तथा कई बैंक कर्मियों से पूछताछ भी की। 

अचानक हुई इस कार्रवाई से बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक मृतक खाताधारक के खाते में जमा राशि के भुगतान के एवज में शाखा प्रबंधक ने कैशियर के माध्यम से रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित व्यक्ति रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था। इसके बाद उसने धनबाद स्थित सीबीआई कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी। 

सीबीआई ने दोनों आरोपियों को रंगेहाथ पकड़ा  

शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले का सत्यापन किया। आरोप सही पाये जाने पर विशेष टीम का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई। सीबीआई की निगरानी में शिकायतकर्ता ने बैंक अधिकारियों को रिश्वत की रकम सौंपी। जैसे ही रुपए का लेन-देन हुआ, पहले से मौजूद सीबीआई टीम ने छापेमारी कर दोनों आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।  

सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान सीबीआई अधिकारियों ने आरोपित बैंक कर्मियों के आवासों पर भी तलाशी अभियान चलाया। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि भ्रष्टाचार का यह मामला किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं। करीब चार घंटे तक बैंक में जांच और दस्तावेजों की पड़ताल के बाद सीबीआई टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ धनबाद ले गई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Published / 2026-06-03 23:11:47
उद्योग विभाग की समीक्षा में सीएम हेमंत ने दिया औद्योगिक विकास पर जोर

  • CM हेमन्त ने उद्योग विभाग के योजनाओं की समीक्षा की, औद्योगिक विकास पर जोर

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में उद्योग विभाग के कार्यों, योजनाओं एवं परियोजनाओं की विस्तृत एवं गहन समीक्षा की। इस उच्च-स्तरीय बैठक में राज्य में औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन, रोजगार सृजन तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि औद्योगिक विकास की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुख बनाया जाए। 

उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योगों के विकास से आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने राज्य की औद्योगिक संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि निवेशकों को आकर्षित करने के लिए योजनाबद्ध प्रयास किए जाएं।

बैठक में झारक्राफ्ट की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने नवाचार और रचनात्मकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि बाजार आधारित उत्पाद तैयार किए जाएं तथा युवाओं, विशेषकर नए आयुवर्ग को इस क्षेत्र से जोड़ा जाए। साथ ही उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री को पर्यटन स्थलों से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने झारखंड की समृद्ध कला एवं संस्कृति से जुड़े उत्पादों को आधुनिक स्वरूप में विकसित करने तथा भविष्य की ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

पारंपरिक शिल्पकारों को बढ़ावा देने देने पर जोर

माटी कला बोर्ड की गतिविधियों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने पारंपरिक शिल्पकारों जैसे लौह-कर्म, काष्ठ-कर्म, कुम्भकारी जैसे  कार्यों को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि ये परंपरागत व्यवसाय राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण अंग हैं, लेकिन आधुनिक तकनीक और औद्योगिक उत्पादों के बढ़ते प्रभाव के कारण इनकी आजीविका पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

ऐसे में इन शिल्पकारों की कला, कौशल और पारंपरिक ज्ञान को संरक्षित करते हुए उन्हें नई संभावनाओं से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि माटी कला बोर्ड इन कारीगरों की पहचान, प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण तथा आधुनिक डिजाइन एवं तकनीक से उन्हें जोड़ने की दिशा में ठोस पहल करे, ताकि उनके उत्पादों की गुणवत्ता और उपयोगिता में वृद्धि हो सके।

उन्होंने यह भी कहा कि इन शिल्पकारों को संगठित कर उन्हें बाजार से जोड़ने के लिए विशेष रणनीति बनाई जाए, जिससे उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित हो। उन्होंने लकड़ी एवं मिट्टी से निर्मित उत्पादों को झारक्राफ्ट के माध्यम से मूल्य संवर्धन (कन्वर्जन) कर उन्हें आकर्षक, आधुनिक और बाजारोन्मुख स्वरूप में विकसित करने के निर्देश दिए।

साथ ही इन उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और विपणन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया, ताकि इन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके और शिल्पकारों को स्थायी रोजगार के अवसर प्राप्त हों। लॉजिस्टिक पार्क एवं वर्ल्ड ट्रेड सेंटर सहित औद्योगिक परियोजनाओं में तेजी लाकर निवेश और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्य में निर्माणाधीन प्रमुख औद्योगिक अवसंरचनात्मक परियोजनाओं, विशेषकर लॉजिस्टिक पार्क एवं वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि राज्य में उद्योगों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ हो सकें।

मुख्यमंत्री ने इस बात पर बल दिया कि लॉजिस्टिक पार्क के विकसित होने से परिवहन, भंडारण एवं वितरण प्रणाली को मजबूती मिलेगी, जिससे औद्योगिक इकाइयों की लागत में कमी आएगी और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी। इसी प्रकार, वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के निर्माण से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापारिक संपर्कों का विस्तार होगा और राज्य में निवेश के नए अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन परियोजनाओं से जुड़े सभी अवरोधों को शीघ्र दूर करते हुए समन्वित प्रयासों के माध्यम से कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि झारखंड को एक उभरते हुए औद्योगिक एवं निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित किया जा सके।

उक्त बैठक में विभागीय मंत्री संजय प्रसाद यादव, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, विभागीय सचिव अरवा राजकमल, प्रबंध निदेशक (झारक्राफ्ट) गरिमा सिंह, निदेशक, विशाल सागर, निदेशक, प्रीति रानी सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे। 

Published / 2026-06-02 21:31:28
15 तक पूरा करें वोटरों के मैपिंग के कार्य : के रवि कुमार

झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के। रवि कुमार ने कहा है कि पदाधिकारी राज्य में 15 जून तक मतदाताओं का विगत गहन पुनरीक्षण के मतदाता सूची से मैपिंग का कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। मैप्ड मतदाताओं को एसआईआर प्रक्रिया के दौरान सामान्यतया किसी प्रकार के अन्य दस्तावेज नहीं समर्पित करने होंगे। 

यदि मतदाता अनमैप्ड है, तो उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची से नहीं कटेगा, ऐसे मतदाताओं को एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान ईआरओ द्वारा नोटिस मिलने के उपरांत, उन्हें जन्म तिथि के अनुसार स्वयं/माता अथवा पिता/माता व पिता दोनों/ ग्रैंड पैरेंट्स से संबंधित दस्तावेज जमा करने होंगे एवं इआररो द्वारा दावा/आपत्ति का निस्तारण करते हुए मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जायेगा।

Published / 2026-06-02 18:14:43
पीवीयूएनएल का दौरा कर अधिकारियों ने की समीक्षा

एबीएन न्यूज नेटवर्क, रामगढ़। पतरातु स्थित पतरातु विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) का दौरा कर सीईओ, एचआर एवं उनकी टीम के साथ परियोजना की प्रगति, भविष्य की योजनाओं और स्थानीय विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर समीक्षात्मक बैठक की। बैठक में जानकारी दी गई कि पीवीयूएनएल की दूसरी यूनिट का कमिशनिंग कार्य अंतिम चरण में है और जल्द ही इससे 800 मेगावाट विद्युत उत्पादन शुरू हो जाएगा। 

वहीं तीसरी यूनिट का कार्य भी तेजी से प्रगति पर है, जिसके अगले वर्ष तक पूर्ण होने का लक्ष्य है। इससे अतिरिक्त 800 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उत्पादित बिजली का लगभग 85% हिस्सा झारखंड को प्राप्त होगा, जो राज्य को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। 

बैठक के दौरान पर्यटन चौक से पतरातु बाजार होते हुए रेल फ्लाईओवर तक सड़क के चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण एवं स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग रखी गयी। साथ ही पतरातु परियोजना से एक किलोमीटर की परिधि में आने वाले सभी गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। प्रथम चरण में लगभग 1350 स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रस्ताव है। 

पतरातु प्रखंड की प्रत्येक पंचायत में एक सुव्यवस्थित सामुदायिक भवन के निर्माण पर भी चर्चा हुई। अब तक पांच सामुदायिक भवन बन चुके हैं, चार का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा शेष पंचायतों में भी ऐसे भवनों के निर्माण की योजना है, जिससे स्थानीय लोगों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें। 

स्थानीय युवाओं को अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराने के विषय पर भी गंभीर चर्चा हुई। विशेष रूप से ट्रांसफॉर्मर प्रशिक्षण कार्यक्रम सहित विभिन्न कौशल विकास योजनाओं से युवाओं को जोड़ने तथा स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया। बाहरी लोगों की नियुक्ति संबंधी शिकायतों पर भी गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता बतायी गयी। 

इसके अतिरिक्त पतरातु कॉलेज में निर्माणाधीन लाइब्रेरी की प्रगति की भी समीक्षा की गयी। यह पूरी परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं सहयोग तथा पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है, जिसने झारखंड को ऊर्जा के क्षेत्र में नयी पहचान और नयी शक्ति प्रदान की है। पतरातु बदल रहा है, और आने वाले समय में विकास की यह रफ्तार और भी तेज दिखाई देगी। 

Published / 2026-06-01 22:05:45
सीएम से मिलीं अन्नपूर्णा, कई समस्याओं पर चर्चा

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने की शिष्टाचार मुलाकात 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने आज रांची में शिष्टाचार मुलाकात की। 

इस दौरान उन्होंने कोडरमा के हजारों छात्र-छात्राओं को विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग से हस्तांतरित कर सर जेसी बोस विश्वविद्यालय, गिरिडीह से संबद्ध किये जाने के कारण उत्पन्न समस्याओं से मुख्यमंत्री को एक बार पुन: अवगत कराया।

Published / 2026-05-30 21:45:11
लोहरदगा : एक से छह जून तक सांसद करेंगे योजनाओं की समीक्षा

1 से 6 जून तक संसदीय क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे सांसद सुखदेव भगत, विकास योजनाओ का करेंगे समीक्षा  

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा लोकसभा के सांसद सुखदेव भगत 1 जून से 6 जून 2026 तक अपने संसदीय क्षेत्र के छह दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे लोहरदगा, गुमला और रांची जिले के विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क, विकास योजनाओं की समीक्षा, सामाजिक और शैक्षिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। उक्त जानकारी सांसद के निजी सचिव आलोक कुमार साहू ने दी। 

सांसद के निजी सचिव द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार  

  • 1 जून : मांडर और लोहरदगा में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेंगे।  
  • 2 जून : गुमला जिला के बसिया एवं कामडारा प्रखंड में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक। दोनों प्रखंडों में सांसद कार्यकतार्ओं एवं आम जनता से मुलाकात करेंगे। 
  • 3 जून : रांची जिला के बेड़ो प्रखंड में आयोजित जतरा में भाग लेंगे तथा कार्यकर्ताओं एवं आम जनतासे रूबरू होंगे। 
  • 4 जून : लोहरदगा समाहरणालय भवन में आयोजित दिशा की बैठक में भाग लेंगे तथा विकास योजनाओं का करेंगे समीक्षा।  
  • 5 जून : लोहरदगा टाउन हॉल में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह कार्यक्रम में भाग लेंगे।  
  • 6 जून : गुमला समाहरणालय में आयोजित दिशा का बैठक में भाग लेंगे तथा विकास योजनाओं की करेंगे समीक्षा। 

समस्या के समाधान का मौके पर ही होगा प्रयास 

सांसद सुखदेव भगत ने कहा, दिल्ली की बैठक से लौटते ही जनता के बीच जाना मेरी प्राथमिकता है। गर्मी में पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य से जुड़ी दिक्कतें बढ़ गयी हैं। कोशिश रहेगी कि अधिकारियों के साथ मौके पर ही ज्यादातर समस्याओं का समाधान कराया जाये।

Page 1 of 342

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse