रामगढ़। जिला के भुरकुंडा कोयलांचल में रविवार की सुबह दो अलग-अलग स्थानों पर दो शव बरामद होने से सनसनी फैल गई है। भुरकुंडा थाना क्षेत्र में एक शव रिवर साइड दामोदर नदी के किनारे मिला, वहीं दूसरा शव भदानीनगर ओपी क्षेत्र के कुर्से के समीप मिला है। दामोदर नदी के किनारे मिले शव की पहचान केरेडारी थाना के हेंदेगीर निवासी फोलटेन गंझू और कुर्से में रेलवे ट्रैक से बरामद शव की पहचान स्थानीय सुनील यादव के रूप में हुई है। दोनों शव मिलने की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही है। जानकारी के अनुसार दामोदर नदी के रिवर साइड के सूर्य मंदिर के निकट आज सुबह लोगों ने एक व्यक्ति का शव देखा। स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने शव की पहचान की। जानकारी के अनुसार हजारीबाग जिला के केरेडारी थाना क्षेत्र के हेंदेगीर बस्ती का रहनेवाला लगभग 41 वर्षीय पोल्टन गंझु पिता लावा गंझु का यह शव है। भुरकुंडा पुलिस ने इस बात की जानकारी मृतक के घरवालों को दे दी, जिसके बाद उसके घर वाले पहुंचकर पहचान किये। मृतक की पत्नी फूलो देवी ने बताया कि पोल्टन गंझु 6 अगस्त को जमीन के काम को लेकर एक अन्य व्यक्ति के साथ घर से निकले थे। इसके बाद वे घर नहीं लौटे थे। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की थी। आज सूचना मिलने पर वे लोग भुरकुंडा पहुंचे। बताया जाता है कि मृतक के गले पर घाव के निशान देखे गए हैं। स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं भुरकुंडा कोयलांचल के भदानीनगर ओपी क्षेत्र के कुरसे में रेलवे ट्रैक के किनारे एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिला है। बताया जाता है कि मृतक सुनील यादव सुबह शौच के लिए गया था। रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में लगी है। शव के पास से हवाई चप्पल और एक मोबाइल फोन भी मिला है। रेलवे पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse