एबीएन न्यूज नेटवर्क, देवघर। JPSC-JSSC भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के आठवें दिन आज देवघर पहुंची। यात्रा की शुरुआत नगर पुस्तकालय से हुई, जो टावर चौक होते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक तक पहुंची। इसके बाद मधुपुर, इदगाह मोड़ और नारायणपुर में जगह-जगह छात्र-युवाओं एवं आम लोगों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया।
भारी बारिश के बावजूद देवघर में छात्रों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। युवाओं का जोश, जुनून, उत्साह और संघर्ष के प्रति समर्पण साफ दिखाई दिया। इस अवसर पर आंदोलनकारी छात्र नेता देवेन्द्रनाथ महतो ने कहा कि देवघर के साथ भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का संथाल परगना प्रमंडल संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि संथाल परगना के युवा, छात्र और आम अवाम ने जाति, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर इस आंदोलन को अपना आंदोलन माना।
यात्रा के दौरान मिला प्रेम, समर्थन और सहयोग केवल स्वागत नहीं, बल्कि कंधे से कंधा मिलाकर इस संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि संथाल परगना की वीर और क्रांतिकारी धरती पर सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव एवं भोगनाडीह जैसे ऐतिहासिक स्थलों पर जाने का अवसर मिला, जहां से संघर्ष की नई ऊर्जा और प्रेरणा प्राप्त हुई। वहीं बाबा नगरी देवघर में महादेव के दर्शन से भी एक आंतरिक शक्ति और आशीर्वाद की अनुभूति हुई।
देवेन्द्रनाथ महतो ने संथाल परगना प्रमंडल के सभी छात्र-युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस व्यापक समर्थन ने साबित कर दिया है कि यह आंदोलन अब किसी व्यक्ति या क्षेत्र का नहीं, बल्कि पूरे झारखंड का जन आंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि यात्रा अब धनबाद और बोकारो होते हुए कोल्हान प्रमंडल तथा इसके बाद पलामू प्रमंडल में पहुंचेगी।
उन्होंने सरकार से युवाओं की मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई करने की अपील करते हुए कहा कि यदि भर्ती व्यवस्था में सुधार और युवाओं के हित में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और व्यापक एवं तेज किया जाएगा। यात्रा को सफल बनाने में मुकेश, प्रदीप, प्रीति, खुशबु, नेहा, दीपिका, राजेश, सुनील, प्रेम, उदय, अमित के अलावा अन्य लोग का अहम योगदान रहा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse