टीम एबीएन, रांची। परम पूज्य डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज जी के पावन सानिध्य में एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर, पुंदाग में सोमवती अमावस्या का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में दिनभर आध्यात्मिक वातावरण बना रहा तथा हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। पर्व के अवसर पर ट्रस्ट की ओर से 270वें श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का आयोजन किया गया। इस शुभ अवसर पर श्री राधा रानी का नवीन दिव्य वस्त्रों एवं आकर्षक आभूषणों से भव्य अलौकिक श्रृंगार किया गया।
मनोहारी स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस से सराबोर हो उठा। दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ लड्डू, फल, पेड़ा, चूरमा, खिचड़ी एवं मेवा सहित विविध प्रकार के महाप्रसाद का विधिवत भोग भगवान को अर्पित किया।
इसके उपरांत श्रद्धालुओं के बीच मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, शीतल जलजीरा शर्बत तथा सत्तू पानी का वितरण किया गया। मंदिर परिसर में उपस्थित दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया। संध्या बेला में आयोजित भजन-संध्या कार्यक्रम ने पूरे आयोजन को और अधिक भक्तिमय बना दिया।
ट्रस्ट के भजन गायक मनीष सोनी ने प्रभु श्याम एवं श्री राधा-कृष्ण की महिमा पर आधारित सुमधुर एवं मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। राधे-राधे और जय श्री कृष्ण के जयघोषों से पूरा वातावरण कृष्णमय हो गया। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से महाआरती में भाग लेकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि सोमवती अमावस्या के अवसर पर प्रात:काल से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और दिनभर में पांच हजार से अधिक भक्तों ने भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन किए। उन्होंने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक अन्नपूर्णा सेवा के अंतर्गत वेजिटेबल खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया जाता है, जिसमें प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं।
इस अवसर पर डूंगरमल अग्रवाल, विजय अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, निर्मल छावनिका, सुरेश अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, नंदकिशोर चौधरी, संजय सर्राफ, अनूप अग्रवाल, सुनील पोद्दार, अरविंद अग्रवाल, विष्णु सोनी, पवन पोद्दार, सुरेश भगत सहित ट्रस्ट के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse