झारखंड को मिली पांच करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि

 

जीआईएस आधारित एसेट मैपिंग में रांची नगर निगम की बड़ी उपलब्धि 

टीम एबीएन, रांची। शहर के रांची नगर निगम की तकनीक आधारित शहरी प्रशासनिक पहल को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता मिली है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित योजना के अंतर्गत शहरी सुधार के लिए झारखंड राज्य को 5 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की गयी है। 

यह उपलब्धि रांची नगर निगम द्वारा नगर निगम परिसंपत्तियों की जीआईएस आधारित मैपिंग एवं शहरी क्षेत्रों में सरकारी भूमि की डिजिटल इन्वेंट्री तैयार करने के कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किये जाने के परिणामस्वरूप हासिल हुई है। रांची नगर निगम ने यह महत्वपूर्ण कार्य तकनीकी सहयोग से पूरा किया। 

इसके अंतर्गत निगम की विभिन्न परिसंपत्तियों, भवनों, बाजारों, कार्यालयों, बस टर्मिनलों, सामुदायिक भवनों, पार्कों एवं अन्य शहरी संपत्तियों को जीआईएस प्लेटफॉर्म पर डिजिटल रूप से चिन्हित एवं मैप किया गया। इस प्रक्रिया के तहत शहर की सार्वजनिक संपत्तियों का विस्तृत डिजिटल डेटा तैयार किया गया, जिससे भविष्य में उनके बेहतर प्रबंधन और निगरानी में मदद मिलेगी। 

भारत सरकार द्वारा किये गये मूल्यांकन में रांची नगर निगम की इस पहल को सराहा गया। इसी आधार पर झारखंड राज्य को 5 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि के लिए पात्र माना गया। यह राशि नगर विकास एवं आवास विभाग, झारखंड सरकार को प्राप्त होगी। 

विशेषज्ञों के अनुसार जीआईएस आधारित एसेट मैपिंग शहरी प्रशासन को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे नगर निगम को अपनी परिसंपत्तियों की वास्तविक स्थिति, उपयोगिता और रखरखाव से जुड़ी जानकारी एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी। साथ ही इससे राजस्व संग्रहण, योजना निर्माण, अवैध अतिक्रमण की पहचान और शहरी विकास परियोजनाओं की निगरानी में भी सहूलियत मिलेगी। 

इसको लेकर अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने कहा कि रांची नगर निगम लगातार तकनीक आधारित प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जीआईएस आधारित एसेट मैपिंग से निगम की परिसंपत्तियों का वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित प्रबंधन संभव हो सकेगा। जिससे भविष्य की विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा। 

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार यह जीआईएस डेटा भविष्य की स्मार्ट सिटी परियोजनाओं, डिजिटल गवर्नेंस और शहरी विकास योजनाओं के लिए भी उपयोगी साबित होगा। रांची नगर निगम ने इस उपलब्धि के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग, जेएसएसी तथा इस परियोजना से जुड़े सभी पदाधिकारियों और कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse