पत्रकारिता की जीत: स्पीकर रविंद्रनाथ महतो के निर्देश पर पाकुड़ डीसी-एसपी का तबादला

 

भारत भूषण प्रसाद के संघर्ष को मिला अंजाम, अमित दास प्रकरण में बड़ा प्रशासनिक फैसला 

टीम एबीएन, रांची/पाकुड़। झारखंड में पत्रकारों के अधिकारों को लेकर चल रहे संघर्ष को बड़ी सफलता मिली है। इंडियन फेडरेशन आफ वर्किंग जर्नलिस्ट (आईएफडब्ल्यूजे) के प्रदेश अध्यक्ष भारत भूषण प्रसाद के नेतृत्व में उठायी गयी आवाज और आंदोलन ने आखिरकार बड़ा असर दिखाया है। 

अमित कुमार दास प्रकरण में अब प्रशासनिक स्तर पर अहम कार्रवाई करते हुए पाकुड़ जिले के उपायुक्त (डीसी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) का तबादला कर दिया गया है। 

इस पूरे घटनाक्रम में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविंद्रनाथ महतो की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के बाद उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया और उच्च अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। उनके हस्तक्षेप के बाद ही प्रशासनिक कार्रवाई तेज हुई और तबादले का आदेश जारी हुआ। 

मामला उस समय सुर्खियों में आया था जब पाकुड़ जिला अध्यक्ष अमित कुमार दास को कथित रूप से फर्जी मामले में रात के समय गिरफ्तार किए जाने का आरोप लगा। इस घटना ने पूरे पत्रकार जगत में आक्रोश पैदा कर दिया और इसे निष्पक्ष पत्रकारिता पर हमला बताया गया। 

भारत भूषण प्रसाद ने इस प्रकरण को लगातार राज्य सरकार और शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष उठाया। ज्ञापन, पत्राचार और संवाद के जरिए उन्होंने इस मुद्दे को मजबूती से रखा, जिसके बाद मामला राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर गंभीरता से लिया गया। 

अंतत: लंबे संघर्ष, संगठनात्मक एकजुटता और विधानसभा स्तर पर हस्तक्षेप के परिणामस्वरूप यह बड़ा प्रशासनिक निर्णय सामने आया। पत्रकार समुदाय इसे निष्पक्ष पत्रकारिता की जीत और लोकतांत्रिक व्यवस्था में जवाबदेही का मजबूत उदाहरण मान रहा है। 

भारत भूषण प्रसाद ने कहा कि यह सिर्फ एक मामले की जीत नहीं, बल्कि पूरे पत्रकार समाज के सम्मान और सुरक्षा की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के खिलाफ संगठन मजबूती से संघर्ष करता रहेगा। भारत भूषण प्रसाद के साथ आईएफडब्ल्यूजे के कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप सिंह परिहार, प्रभात रंजन, विशाल भारद्वाज की भी भूमिका अहम थी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse