टीम एबीएन, रांची। रसोई गैस की कालाबाजारी और अवैध रीफिलिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने संगठित गिरोह का पदार्फाश किया है। डीसी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में चुटिया थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 265 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किये गये।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन को लगातार शिकायत मिल रही थी कि क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की जमाखोरी कर उन्हें छोटे सिलेंडरों में अवैध रूप से रीफिल कर ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। इस उत्तम कुमार साहु के परिसर से 10 सिलेंडर के साथ रीफिलिंग उपकरण बरामद किये गये। वहीं साई कॉलोनी स्थित अमन सिंह के किराये के मकान से करीब 85 सिलेंडर और अवैध भंडारण के साक्ष्य मिले।
इसी क्रम में शारदा कॉलोनी के एक अन्य ठिकाने से लगभग 110 सिलेंडर जब्त किये गये। तीनों जगहों से रीफिलिंग पाइप, कनेक्शन और अन्य उपकरण भी बरामद हुए। जब्त सभी सिलेंडरों को विधिवत सूची बनाकर गैस एजेंसी के सुपुर्द कर दिया गया है।
इस मामले में चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 एवं एलपीजी आदेश, 2000 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गयी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि केवल अधिकृत एजेंसियों से ही गैस लें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse