बोकारो : आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

 

सियारी पंचायत में डिजिटल शिक्षा और महिला सशक्तिकरण की दिशा में नवा बिहान की बड़ी पहल 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, बोकारो। ग्रामीण एवं ट्राइबल बाहुल क्षेत्रों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने तथा समाज के वंचित वर्गों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से नवा बिहान कम्युनिटी डेवलपमेंट प्रोग्राम द्वारा बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत सियारी पंचायत में एक महत्वपूर्ण पहल की गयी है। इस पहल के अंतर्गत ट्राइबल बाहुल स्कूल एवं पंचायत ज्ञान केंद्र सियारी में बच्चों के लिए आधुनिक आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही स्थानीय महिलाओं के लिए डिजिटल साक्षरता एवं कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम की भी शुरुआत की गयी है, जो इस परियोजना को और अधिक प्रभावी एवं समावेशी बनाता है। 

इस पहल का उद्देश्य केवल बच्चों को कंप्यूटर उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि उन्हें डिजिटल युग के अनुरूप तैयार करना है। आज के समय में शिक्षा का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और डिजिटल माध्यम शिक्षा का एक अभिन्न हिस्सा बन चुका है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी तकनीकी शिक्षा से जोड़ना अत्यंत आवश्यक हो गया है, ताकि वे भी देश और दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ सकें। 

नवा बिहान द्वारा स्थापित आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर के तहत कंप्यूटर, वढर, कंप्यूटर टेबल, कुर्सियां, अलमारी, बुक शेल्फ, एलईडी ट्यूब लाइट, दीवार पंखा, डस्टबिन आदि आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराये गये हैं। इन संसाधनों के माध्यम से विद्यालय में एक बेहतर डिजिटल लर्निंग वातावरण तैयार किया गया है, जहां छात्र-छात्राएं कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे और नयी तकनीकों के बारे में सीख सकेंगे। 

कार्यक्रम का शुभारंभ गरिमामय वातावरण में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथियों के रूप में सेल राउरकेला के डीजीएम विश्वनाथ विकास पन्ना एवं सेल बोकारो से आये एसेट मैनेजर टीआर उन्नीकृष्णन नायर उपस्थित रहे। अतिथियों का पारंपरिक आदिवासी अंग वस्त्र एवं गुलदस्ता देकर स्वागत किया गया, जो स्थानीय संस्कृति और सम्मान का प्रतीक है। 

अपने संबोधन में अतिथियों ने नवा बिहान के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के स्तर को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि आज के समय में डिजिटल शिक्षा अत्यंत आवश्यक है और ऐसे प्रयासों से बच्चों को बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक कार्यों में सहयोग जारी रहेगा। 

नवा बिहान के फाउंडर आर अजय ने अपने संबोधन में कहा कि आज पूरी दुनिया का एजुकेशन सिस्टम तेजी से बदल रहा है। उन्होंने कहा कि यह समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डिजिटल तकनीक का है। यदि बच्चों को स्कूल स्तर से ही कंप्यूटर और अक की बुनियादी जानकारी दी जाये, तो वे भविष्य में किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं रहेंगे। 

उन्होंने आगे कहा कि कंप्यूटर शिक्षा छात्रों के उज्जवल भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इससे बच्चों में नयी सोच विकसित होती है, उनकी सीखने की क्षमता बढ़ती है और वे तकनीकी रूप से सक्षम बनते हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ग्रामीण और ट्राइबल क्षेत्रों के बच्चों को भी समान अवसर मिलना चाहिए, ताकि वे भी विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दे सकें। 

इस कार्यक्रम में गोमिया बीडीओ महादेव कुमार महतो ने भी अपने विचार व्यक्त किये। उन्होंने नवा बिहान के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल ग्रामीण शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से न केवल बच्चों को लाभ मिलेगा बल्कि पूरे समाज में सकारात्मक बदलाव आयेगा। 

कार्यक्रम के अंत में सियारी पंचायत के मुखिया राम वृक्ष मुर्मू ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं एवं नवा बिहान टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहल सियारी पंचायत के लिए गर्व की बात है और इससे यहां के बच्चों और युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। 

इस पूरी पहल का एक महत्वपूर्ण पहलू महिलाओं का सशक्तिकरण भी है। नवा बिहान द्वारा सियारी पंचायत में महिलाओं के लिए डिजिटल साक्षरता और कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। इस कार्यक्रम के तहत महिलाओं को कंप्यूटर का बेसिक ज्ञान, इंटरनेट का उपयोग, आॅनलाइन सेवाओं की जानकारी और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से आय के अवसरों के बारे में प्रशिक्षण दिया जायेगा। 

ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी बड़ी संख्या में महिलाएं डिजिटल तकनीक से वंचित हैं। ऐसे में उन्हें डिजिटल रूप से सशक्त बनाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। नवा बिहान का यह प्रयास महिलाओं को न केवल तकनीकी रूप से सक्षम बनाएगा, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी प्रदान करेगा। 

महिलाओं को प्रशिक्षण के दौरान यह भी सिखाया जायेगा कि वे किस प्रकार अपने स्थानीय उत्पादों जैसे हस्तशिल्प, सिलाई-कढ़ाई, घरेलू उत्पाद आदि को डिजिटल माध्यम से बाजार तक पहुंचा सकती हैं। इसके साथ ही उन्हें डिजिटल पेमेंट, आॅनलाइन बैंकिंग और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जायेगी। 

नवा बिहान का मानना है कि जब महिलाएं सशक्त होती हैं, तो पूरा समाज सशक्त होता है। शिक्षित और जागरूक महिलाएं अपने परिवार और बच्चों के भविष्य को बेहतर दिशा दे सकती हैं। इसलिए इस कार्यक्रम में बच्चों के साथ-साथ महिलाओं को भी शामिल किया गया है, ताकि समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके। 

इस पहल से सियारी पंचायत के बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा का लाभ मिलेगा, वहीं महिलाएं डिजिटल प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगी। यह कार्यक्रम शिक्षा, तकनीक और सामाजिक विकास को एक साथ जोड़ने का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। स्थानीय लोगों, अभिभावकों और समुदाय के सदस्यों ने इस पहल का स्वागत किया है। 

उनका मानना है कि इस प्रकार के प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर सुधरेगा और बच्चों को बेहतर भविष्य बनाने का अवसर मिलेगा। नवा बिहान कम्युनिटी डेवलपमेंट प्रोग्राम का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों को शिक्षा, कौशल और तकनीक से जोड़कर उन्हें सशक्त बनाना है। यह संगठन लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और रोजगार उन्मुख कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य कर रहा है। 

भविष्य में नवा बिहान का लक्ष्य है कि इस प्रकार के डिजिटल शिक्षा और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को झारखंड के अन्य ग्रामीण और ट्राइबल क्षेत्रों में भी विस्तार दिया जाये, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। नवा बिहान का यह प्रयास विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जहां हर बच्चा शिक्षित, हर महिला सशक्त और हर गांव डिजिटल रूप से सक्षम हो। 

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse