चतरा एयर एंबुलेंस दुर्घटना को लेकर देवेंद्र नाथ महतो लोक भवन पहुंचे

 

  • चतरा एयर एंबुलेंस दुर्घटना को लेकर देवेंद्र नाथ महतो लोक भवन पहुंचे
  • राज्यपाल ने संवेदना व्यक्त करते हुए समुचित कार्रवाई का दिया आश्वासन

टीम एबीएन, रांची। चतरा में हुई एयर एंबुलेंस दुर्घटना का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। एविएशन विशेषज्ञों के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त विमान का ब्लैक बॉक्स अब तक बरामद नहीं हो पाया है, जिसके कारण उड़ान से संबंधित महत्वपूर्ण डेटा एवं दुर्घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पा रहा है। ब्लैक बॉक्स नहीं मिलने की खबर के बाद राज्य में इस मामले को लेकर राजनीतिक और भी तेज हो गई है। 

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा  केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो मृतक के परिजनों के साथ आज शुक्रवार को लोक भवन, रांची पहुंचे तथा महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने उड्डयन कंपनी की संभावित लापरवाही एवं राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की।

राज्यपाल संतोष गंगवार ने पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रतिनिधिमंडल की बातों को सुना, घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया तथा मामले में समुचित एवं आवश्यक कार्रवाई का सकारात्मक आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में मृतक अर्चना देवी के भाई सीताराम कुमार के साथ देवेंद्र नाथ महतो, प्रदीप महतो, लोकेश महतो एवं गणेश कुमार उपस्थित थे।

ज्ञात हो कि बीते 23 फरवरी 2026 को रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एंबुलेंस चतरा जिले के कसरिया क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें दो पायलट, एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक, दो अटेंडेंट तथा एक मरीज सहित कुल 7 लोगों की मृत्यु हो गई। मृतक मरीज संजय कुमार साव (41 वर्ष) मूल रूप से लातेहार जिले के चंदवा के निवासी थे। 

16 फरवरी को शॉर्ट सर्किट की घटना में गंभीर रूप से झुलसने के बाद उनका इलाज रांची के एक निजी अस्पताल में चल रहा था, जहां से बेहतर उपचार हेतु उन्हें एयर एंबुलेंस के माध्यम से दिल्ली ले जाया जा रहा था। इसी दौरान विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सभी सातों लोगों की मृत्यु हो गई।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse