लोहरदगा : क्रिकेट टूर्नामेंट के सफल आयोजन पर धीरज साहू ने जताया आभार

 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। बलदेव साहू मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के सफल आयोजन को लेकर लोहरदगा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने सभी सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सामूहिक प्रयास, समर्पण और खेल के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। 

अपने संदेश में श्री साहू ने कहा कि लोहरदगा क्रिकेट एसोसिएशन के सभी सदस्यों, बलदेव साहू मेमोरियल समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों, तथा प्रेस एवं मीडिया बंधुओं के अमूल्य सहयोग और समर्थन से ही यह भव्य टूर्नामेंट सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। उन्होंने कहा कि आयोजन की सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरी टीम की मेहनत और समन्वय का परिणाम है। 

उन्होंने विशेष रूप से क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि सभी ने खेल भावना को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने, व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने तथा प्रतियोगिता को अनुशासित और पारदर्शी तरीके से संचालित करने में एसोसिएशन के पदाधिकारियों का योगदान सराहनीय रहा। 

बलदेव साहू मेमोरियल समिति के सदस्यों की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि समिति ने आयोजन की हर छोटी-बड़ी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण भाव से निभाया। मैदान की तैयारियों से लेकर अतिथियों के स्वागत, खिलाड़ियों की सुविधाओं और दर्शकों की व्यवस्था तक हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया गया, जिसके कारण कार्यक्रम को व्यापक सराहना मिली। 

श्री साहू ने प्रेस एवं मीडिया के प्रतिनिधियों के प्रति भी आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि मीडिया ने टूर्नामेंट की खबरों और गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाकर इस आयोजन को विशेष पहचान दिलायी। सकारात्मक कवरेज से खिलाड़ियों और आयोजकों का मनोबल बढ़ा तथा जिले में खेल के प्रति नयी ऊर्जा का संचार हुआ। 

अंत में उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी सभी का इसी प्रकार सहयोग और स्नेह मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि लोहरदगा में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर होते रहेंगे। खेल के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करना ही इस टूर्नामें का मुख्य उद्देश्य रहा है, जिसे सभी के सहयोग से सफलतापूर्वक साकार किया गया।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse