सीएम का दावोस दौरा : यूके में सीएम ने किया कोवेंट्री में शहरी नवाचार और सतत शहरी प्रबंधन से जुड़े संस्थानों का दौरा

 

  • सीएम का दावोस दौरा : यूके में सीएम ने किया कोवेंट्री में शहरी नवाचार और सतत शहरी प्रबंधन से जुड़े संस्थानों का दौरा
  • झारखंड के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल ने यूनाइटेड किंगडम स्थित कोवेंट्री में शहरी नवाचार और सतत शहरी प्रबंधन से जुड़े विभिन्न संस्थानों का दौरा किया

एबीएन न्यूज नेटवर्क, रांची/ यूके। झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार के नेतृत्व में झारखंड प्रतिनिधिमंडल ने यूनाइटेड किंगडम प्रवास के दौरान कोवेंट्री में शहरी नवाचार और सतत शहरी प्रबंधन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण संस्थानों का दौरा किया। इस दौरे का उद्देश्य जीरो-एमिशन शहरी मॉडल, भविष्य की मोबिलिटी प्रणालियां, नवोन्मेषी सार्वजनिक स्थल तथा आधुनिक शहर नियोजन के व्यावहारिक अनुभवों को समझना रहा।

प्रतिनिधिमंडल ने कॉन्वेंट्री सिटी काउंसिल और कॉन्वेंट्री यूनिवर्सिटी के साथ संवाद कर जीरो-एमिशन सिटी मैनेजमेंट मॉडल, शहरी नवाचार और अकादमिक-प्रशासनिक सहयोग के माध्यम से टिकाऊ शहरों के विकास पर चर्चा की। इन संवादों में नीति, तकनीक और नागरिक-केंद्रित दृष्टिकोण को एक साथ लाने पर विशेष जोर दिया गया। 

इसके अतिरिक्त, प्रतिनिधिमंडल ने कोवेंट्री सिटी बस डिपो का दौरा कर ईवी आधारित शहरी परिवहन प्रणालियों में प्रयुक्त प्रमुख तकनीकों और संचालन मॉडल का अध्ययन किया। जीरो-एमिशन बस फ्लीट, स्मार्ट डिपो प्रबंधन और स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन के अनुभवों को झारखंड के शहरों में लागू करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।

कोवेंट्री सिटी काउंसिल द्वारा प्रस्तुतियों के माध्यम से शहरी मोबिलिटी में नवाचार, भविष्य की परिवहन प्रणालियां, शहर नियोजन एवं प्रबंधन, सार्वजनिक स्थलों का विकास तथा कॉन्वेंट्री वेरी लाइट रेल (वीएलआर) जैसी उन्नत तकनीकों पर विस्तृत चर्चा हुई। वीएलआर को किफायती, टिकाऊ और नागरिक-अनुकूल शहरी परिवहन समाधान के रूप में प्रस्तुत किया गया, जो आधुनिक शहरों के लिए एक प्रभावी मॉडल है।

मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि कोवेंट्री का अनुभव झारखंड के शहरों को स्वच्छ, स्मार्ट और भविष्य-तैयार बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सीख प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि इन अंतरराष्ट्रीय अनुभवों के आधार पर झारखंड में शहरी मोबिलिटी, सार्वजनिक परिवहन, शहर नियोजन और सार्वजनिक स्थलों के विकास के लिए नवोन्मेषी और व्यावहारिक समाधान अपनाये जायेेंगे।
यह दौरा झारखंड के शहरी विकास को सतत, तकनीक-सक्षम और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse