टीम एबीएन, गुमला। महानिदेशक डीजी कार्यालय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली अतुल कुमार तिवारी ने आज बिशनपुर प्रखंड स्थित विकास भारती, कृषि विज्ञान केंद्र का भ्रमण किया। उन्होंने सर्वप्रथम कृषि विज्ञान केंद्र बिशुनपुर का भ्रमण कर कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा क्षेत्र में कृषि विकास हेतु किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय सह प्रधान वैज्ञानिक डॉ संजय कुमार ने केंद्र की स्थापना के मुख्य उद्देश्यों को साझा करते हुए बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना क्षेत्र के अनुसूचित जनजातीय किसानों का विकास करने तथा उन्नत कृषि तकनीकों के माध्यम से उत्पादन में बढ़ावा लाने एवं उनकी आर्थिक दशा को सुधारने के उद्देश्य से किया गया था। कृषि विज्ञान केंद्र किसानों के बेहतर उपज का लाभ दिलाने तथा किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में कटिबद्ध है। वर्तमान में भी जिलांतर्गत संचालित विभिन्न कृषि आधारित योजनाओं के माध्यम से यहां रहने वाले आदिम जनजातिय किसानों के मूल्य संवर्धन के क्षेत्र में कई कार्य किए जा रहे हैं। डॉ.संजय कुमार ने प्रमुख किसानोपयोगी कृषि योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए बताया कि केवीके के माध्यम से प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, संशोधित फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड आदि का लाभ क्षेत्र के किसानों को दिलाने का कार्य किया जा रहा है। महानिदेशक ने केवीके के कार्यों की सराहना की तथा कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में जनसहयोग से योजनाओं को धरातल पर लाने की बात कही। उन्होंने केवीके परिसर में अवस्थित आॅर्गैनिक वरमी कंपोस्ट पिट, पुस्तकालय आदि का अवलोकन किया। इसके पश्चात महानिदेशक एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने विकास भारती परिसर में पौधरोपण किया। इस दौरान महानिदेशक ने नींबू, उप विकास आयुक्त हेमंत सती ने आम्रपाली आम तथा सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद ने नीम के पौंधों का रोपण कर पर्यावरण के संरक्षण का संदेश दिया। महानिदेशक ने विकास भारती परिसर स्थित कस्तूरबा गांधी प्रसंस्करण भवन में अचार उत्पादन ईकाई तथा मधु प्रसंस्करण इकाईयों द्वारा आचार उत्पादन एवं मधु प्रसंस्करण के कार्यों की जानकारी प्राप्त की। जिसपर प्रोजेक्ट कॉर्डिनेटर जीतेंद्र पाण्डेय द्वारा अचार उत्पादन एवं मधु प्रसंस्करण की प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। महानिदेशक ने ज्ञान निकेतन पहुंचकर छात्र-छात्राओं से वातार्लाप किया। इस दौरान उन्होंने अध्ययनरत बच्चों के उज्जवल भविष्य एवं सर्वांगीण विकास की दिशा में कनवर्जेंस के तहत योजनाओं को क्रियान्वित करने पर जोर दिया। उन्होंने बच्चों के विकास, शिक्षा, कौशल विकास के दृष्टिकोण से योजनाओं का सृजन करने की बात कही। मौके पर विकास भारती की चेयरपर्सन रंजना चौधरी ने ज्ञान निकेतन की स्थापना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विकास भारती के माध्यम से क्षेत्र के अनुसूचित जाति/जनजाति के वंचित बच्चों के सर्वांगीण विकास के निमित्त किए जाने वाले कार्यों की भी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि बिशुनपुर के सुदूरवर्ती एवं दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले अनुसूचित जाति/जनजातिय परिवारों के वैसे बच्चे जिनके अभिभावक उनका भरण पोषण करने में असमर्थ हैं, वैसे बच्चे जो अनाथ हैं तथा जिनकी आर्थिक स्थिति दयनीय हैं, के सर्वांगीण विकास के निमित्त उन्हें ज्ञान निकेतन में नामांकित कर उन्हें शिक्षा से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें अतिरिक्त पाठ्येतर गतिविधियों की जानकारी भी दी जाती है। इसके साथ ही दिव्यांग बच्चों के लिए भी आश्रम चलाए जा रहे हैं। महानिदेशक ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान घाघरा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थान में अध्ययनरत इलेक्ट्रीशियन ट्रेड तथा फिटर ट्रेड के विद्यार्थियों से उनके समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान इलेक्ट्रीशियन ट्रेड के विद्यार्थियों ने शिक्षकों की कमी के कारण होने वाली समस्याओं से महानिदेशक को अवगत कराया। साथ ही विद्यार्थियों ने नियमित प्रैक्टिकल क्लासेज का संचालन नहीं होने की भी जानकारी दी। इसपर महानिदेशक ने जिला नियोजन पदाधिकारी को 01 मार्च से नियमित रूप से प्रैक्टिकल क्लासेज का संचालन कराने का निर्देश दिया। वहीं फिटर ट्रेड के विद्यार्थियों द्वारा छात्रावास की आवश्यकता बताई गई। जिसपर महानिदेशक ने छात्रावास हेतु स्थल चयन कर बाहरी जिलें/ राज्यों से आकर पढ़ने वाले विद्यार्थियों के आवासन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए छात्रावास की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। महानिदेशक के गुमला परिभ्रमण कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त हेमंत सती, सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद, विकास भारती की चेयरपर्सन रंजना चौधरी, विकास भारती के संयुक्त सचिव महेंद्र भगत, राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के विक्रम दास, बी.अशफाक अहमद स्टेट इंगेजमेंट आॅफिसर (कौशल विकास), जिला योजना पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विभूति कुमार सिंह, जिला नियोजन पदाधिकारी सह जिला कौशल पदाधिकारी अश्विनी कुमार सिंह, वरीय सह प्रधान वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केंद्र बिशुनपुर डॉ.संजय कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी बिशुनपुर छंदा भट्टाचार्यी, प्रखंड विकास पदाधिकारी घाघरा बिष्णुदेव कच्छप, डीपीएम जेएसएलपीएस सुजीत बारी, नीति आयोग के आशीष प्रसाद, महात्मा गाँधी कौशल फेलो अविनाश व अन्य उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse