रूस के निशाने पर रिहायशी इलाके, बहुमंजिली इमारतों पर मारा रॉकेट

 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस द्वारा यूक्रेन पर हमला आज दूसरे दिन भी जारी है। यूक्रेन की राजधानी कीव में शुक्रवार को एक रॉकेट एक बहुमंजिला अपार्टमेंट से जा टकराया, जिससे इमारत आग लग गई और कम से कम तीन लोग घायल हो गए। कीव के मेयर विटाली क्लिच्स्को ने यह जानकारी दी। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूसी सेना का यह दावा झूठा है कि वह रिहायशी इलाकों को निशाना नहीं बना रही है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन में सैन्य और रिहायशी, दोनों ही क्षेत्र रूसी हमलों का सामना कर रहे हैं। इस बीच, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने शुक्रवार को कहा कि फ्रांस और उसके यूरोपीय सहयोगियों ने सैन्य, ऊर्जा, वित्त सहित अन्य क्षेत्रों से जुड़े रूसी नागरिकों और कंपनियों पर प्रतिबंध लगाकर मॉस्को पर बेहद कड़ा प्रहार करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधों से जुड़े कानूनी मसौदे को अंतिम रूप देकर उसे यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों की मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा। मैक्रों ने यह भी कहा कि यूरोपीय संघ ने यूक्रेन को 1.5 अरब यूरो (लगभग 1.68 अरब डॉलर) की आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है। फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने यूक्रेन पर रूस के सैन्य आक्रमण में बेलारूस की सरकार को भी भागीदार करार दिया और कहा कि जल्द ही उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उधर, कीव में प्रवेश करने की कोशिशों में जुटी रूसी सेना शुक्रवार को सूमी शहर में दाखिल हो गई, जो यूक्रेन की राजधानी की ओर जाने वाले राजमार्ग पर स्थित है। क्षेत्रीय गवर्नर दमित्रो जिवित्स्की ने यह जानकारी दी। जिवित्स्की ने बताया कि यूक्रेनी सैनिकों ने वीरवार रात सूमी में रूसी सैनिकों का कड़ा मुकाबला किया, लेकिन रूसी सेना पश्चिम में कीव की तरफ बढ़ती चली गई। उन्होंने कहा कि सूमी से सैन्य वाहन कीव की ओर बढ़ रहे हैं। बहुत से वाहन पश्चिम की तरफ गुजर चुके हैं। जिवित्स्की के मुताबिक, रूसी सैन्य बलों ने उत्तर-पूर्वी शहर कोनोतोप पर भी कब्जा कर लिया है। उन्होंने क्षेत्र के बाशिंदों से रूसी सेना का मुकाबला करने की अपील की। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय के अभियोजक करीम खान ने कहा कि वह यूक्रेन और उसके आसपास के क्षेत्रों के हालिया घटनाक्रमों को पूरी गंभीरता के साथ देख रहे हैं।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse