टीम एबीएन, रांची। झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस ने कहा कि बिहार आई बैंक को और प्रभावी एवं विश्वसनीय बनाने के लिए अधिक से अधिक अच्छे नेत्र चिकित्सकों को इस ट्रस्ट से जोड़ने का प्रयास करें। राज्यपाल ने आज राज भवन में बिहार आई बैंक ट्रस्ट के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि मेडिकल फेसिलिटी विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहें। उन्होंने सभी ट्रस्टी से कहा कि वे आम जनमानस के हित में बिहार आई बैंक के विकास हेतु प्रतिबद्धता से कार्य करें। इस आई बैंक के प्रति लोगों का विश्वास बना रहे, इसके लिए समर्पित रहें। उन्होंने इस आई बैंक को आयुष्मान योजना से जोड़ने के लिए निदेश दिया। बैठक में विकास आयुक्त-सह-अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग अरुण कुमार सिंह, राज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ नितिन कुलकर्णी, बिहार आई बैंक ट्रस्ट की सचिव डॉ प्रोन्नति सिन्हा, ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष श्याम शंकर दूबे, ट्रस्टी सिद्धार्थ घोष एवं अजय कुमार जैन आदि उपस्थित थे। राज्यपाल ने सभी ट्रस्टी से कहा कि वे दूरदृष्टि दृष्टिकोण अपनाते हुए इस ट्रस्ट को और बेहतर कर मानव-कल्याण व परोपकार के मार्ग पर चलें। राज्यपाल ने दिवंगत नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ डीएन सिंह का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ लोग अपने कर्मों से दुनिया से जाने के बाद भी सदा पुनीत कार्यों के लिये याद किये जाते हैं। डॉ सिंह ने अपने अमिट योगदान से इस ट्रस्ट की गरिमा को और बढ़ाने का कार्य किया। राज्यपाल ने कहा कि इस ट्रस्ट द्वारा आम जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए सस्ते में नेत्र रोग उपचार की सुविधा प्रदान किया जाना सराहनीय प्रयास है। उन्होंने ट्रस्ट को समय-समय पर आई कैम्प का आयोजन करने एवं मोतियाबिंद की जांच के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में भी जाने के लिए कहा। राज्यपाल ने कहा कि नवजात शिशुओं के आंखों की समस्या की नि:शुल्क जांच करने की दिशा में ट्रस्ट द्वारा विशेष ध्यान दिया जाय। उन्होंने सभी न्यासियों से कहा कि कोरोना महामारी के कारण भी कई लोगों की आंखों में समस्या देखी गई है, इस दौर में बच्चों के लिये ऑनलाइन क्लास ही विकल्प था। ऐसे में बच्चों के नेत्र की जांच की दिशा में आई बैंक ट्रस्ट को ध्यान देने की आवश्यकता है। राज्यपाल ने कहा कि ट्रस्ट बिहार आई बैंक के प्रस्तावित अतिरिक्त कक्षों के निर्माण का प्राक्कलन तैयार समर्पित तैयार करें।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse