एबीएन न्यूज नेटवर्क, बोकारो। झारखंड के बोकारो में पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के गवाई पुल के बीचों-बीच गुरुवार सुबह करीब 11 बजे एक गैस टैंकर में अचानक आग लग गयी। इसकी वजह से इलाके में अफरा-तफरी मच गयी।
बताया जा रहा है कि 16 चक्का गैस टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके बाद उसमें आग लग गयी। कुछ ही देर में आग की लपटें काफी तेज हो गयी और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया। ब्लास्ट होने के डर से लोग भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंच गये। सुरक्षा को देखते हुए एनएच-32 पर दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गयी, जिससे सड़क पर लंबी कतार लग गयी। पुलिस ने एहतियातन गवाई पुल से करीब आधा किलोमीटर पहले ही लोगों और वाहनों को रोक दिया है, जिससे कि कोई बड़ी दुर्घटना न हो।
स्थानीय लोगों में सबसे ज्यादा डर इस बात को लेकर बना हुआ है कि अगर गैस टैंकर में ब्लास्ट हो जाता, तो गवाई पुल सहित आसपास के कई घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे।
हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने के बाद टैंकर से गैस लीक होकर काफी हद तक निकल गयी, जिससे बड़े विस्फोट की आशंका कुछ कम हुई है। आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। खबर लिखे जाने तक गैस टैंकर में लगी आग बुझी नहीं है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse