टीम एबीएन, रांची। रांची पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में रामनवमी के पावन अवसर पर भक्ति और श्रद्धा का अनुपम संगम देखने को मिला। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम के दौरान श्री राधा रानी का अलौकिक एवं आकर्षक श्रृंगार जड़ित आभूषणों से किया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। सुसज्जित मंदिर परिसर में भक्ति भाव से ओतप्रोत वातावरण के बीच भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने भाव-विभोर होकर भाग लिया।इस अवसर पर महाप्रसाद के रूप में खिचड़ी भोग को विधिवत रूप से पुजारी पंडित अरविंद पांडे द्वारा अर्पित किया गया।
भोग के उपरांत सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद एवं शीतल गुलाब शरबत का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और आस्था के साथ प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर को विशेष रूप से हनुमान जी के ध्वजों से सजाया गया था, जिससे वातावरण और भी आध्यात्मिक एवं उत्सवमय हो उठा। हर ओर जय श्री राम के उद्घोष गूंजते रहे, जिससे श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा।
ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को रामनवमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और समाज में धर्म, आस्था एवं एकता के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया।इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का भी सुंदर संदेश दिया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse