एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। आगामी असम विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गयी हैं। इसी बीच कांग्रेस ने अपने प्रचार अभियान को धार देने के लिए बड़ा दांव खेला है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है, जिसमें लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत को भी शामिल किया गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला (पार्टी के महासचिव) ने इस संबंध में केंद्रीय चुनाव आयोग को आधिकारिक सूचना भेज दी है।
इस सूची में सुखदेव भगत का नाम शामिल होना न केवल झारखंड बल्कि खासकर लोहरदगा क्षेत्र के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सुखदेव भगत की साफ-सुथरी छवि, जमीनी पकड़ और आदिवासी समाज में मजबूत प्रभाव का फायदा कांग्रेस को असम के आदिवासी बहुल क्षेत्रों में मिल सकता है।
पार्टी ने उन्हें ऐसे समय में बड़ी जिम्मेदारी दी है, जब हर सीट पर कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। इधर, सुखदेव भगत को स्टार प्रचारक बनाए जाने की खबर मिलते ही लोहरदगा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच खुशी की लहर दौड़ गयी। कार्यकर्ताओं ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कांग्रेस आलाकमान के प्रति आभार जताया। साथ ही सांसद सुखदेव भगत को बधाइयों का तांता लग गया।
बधाई देने वालों में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुखेर भगत, प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद, इंटक जिलाध्यक्ष आलोक साहू, सांसद प्रतिनिधि साजिद अहमद, पूर्व उपाध्यक्ष मोहन दुबे, सड़क सुरक्षा समिति के कुणाल अभिषेक, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अंसारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल रहे। कुल मिलाकर, सुखदेव भगत की इस नई जिम्मेदारी ने असम चुनाव में कांग्रेस की रणनीति को नया आयाम दिया है, वहीं लोहरदगा की राजनीतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत करने का काम किया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse