टीम एबीएन, रांची। रांची की धार्मिक व सामाजिक संस्था श्री हनुमान मंडल, रांची का एक दिवसीय 48 वा वार्षिक महोत्सव 29 मार्च को श्री राणी सती मंदिर परिसर रातू रोड के हनुमान बक्स पोद्दार सत्संग भवन के सभागार में बड़े ही धूमधाम से मनाया जायेगा। श्री हनुमान मंडल के अध्यक्ष सज्जन पाड़िया व मंत्री श्रवण अग्रवाल ने उपरोक्त जानकारी प्रेसवार्ता के माध्यम से दी।
उन्होंने बताया एक दिवसीय महोत्सव प्रात: 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक सत्संग भवन के सभागार में मनाया जायेगा। प्रात: 7 बजे मुख्य यजमान के द्वारा श्री गणेश पूजन के साथ महोत्सव की शुरूआत की जायेगी। प्रात: 8:30 बजे श्री बालाजी महाराज की अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित के साथ प्रात: 8:30 बजे से सामूहिक सुंदरकांड का पाठ सुरेश बजाज के सानिध्य में सैकड़ों बाला जी के भक्तों के साथ सामूहिक रूप में किया जायेगा। मौके पर श्री बाला जी का भव्य दरबार, नैनाभिराम झांकी, फूलों के अलौकिक श्रृंगार के साथ आप दर्शन कर सकेंगे। दोपहर में श्री बाला जी के भक्तों के द्वारा छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित किया जायेगा।
साथ ही रांची की धार्मिक संस्था श्री श्याम मंडल, श्री श्याम परिवार और श्री दुर्गा जागरण मंडली रातू रोड के भक्तों द्वारा भजनों की गंगा प्रवाह की जायेगी। इस उपलक्ष्य पर दिल्ली से पधारी भावना स्वराजली एवं बरेली के डी के राजा जो भजनों के सम्राट माने जाते है उनके द्वारा श्री बालाजी महाराज के भजनों की अमृत वर्षा का लाभ आप ले सकेंगे, जो रात्रि तक चलेगा।
रात्रि 9 बजे महाआरती के संग प्रसाद का वितरण भी सामूहिक रूप से किया जायेगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए मंडल के कई सदस्य दिन-रात लगे हुए हैं। प्रचार मंत्री निर्मल बुधिया ने बताया की जो लोग भी बाबा को छप्पन भोग व सवामनी प्रसाद अर्पित करना चाहते हैं। सज्जन पाड़िया एवं श्रवण अग्रवाल से संपर्क कर अपना नाम लिखवा सकते हैं।
साथ ही साथ 29 मार्च को प्रात: 8:30 बजे से पाठ वाचक सुरेश बजाज के सानिध्य में होने वाले सामूहिक सुंदरकांड पाठ में जो भी धर्म प्रेमी भाग लेना चाहते हैं वह सुंदरकांड पाठ का कार्ड अवश्य प्राप्त कर ले। सजन पाड़िया व श्रवण अग्रवाल ने वार्षिक महोत्सव में रांची के सभी धर्म प्रेमियों को सपरिवार आमंत्रित किया है। उन्होंने अपील की है एक दिवसीय वार्षिक महोत्सव के सभी कार्यक्रमों में भाग लेकर आप पुण्य अर्जित करने का कार्य करें।
प्रेस वार्ता में अध्यक्ष सजन पाड़िया, मंत्री श्रवण अग्रवाल, कोषाध्यक्ष शिव भावसिंहका, निर्मल बुधीया, नवल टिबड़ेवाल, निरंजन केडिया, प्रकाश धेलिया, विभोर डागा, नरेंद्र डीडवानिया, रमन बगड़िया, नितिन भावसिंहका, विजय खोवाल, नारायण अग्रवाल, अरुण बाजोरिया, प्रवीण मोदी, हनुमान बेड़िया, सहित कई लोग उपस्थित थे। उक्त जानकारी अध्यक्ष साजन पड़िया और प्रचार मंत्री निर्मल बुधिया ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse