एबीएन न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली/लोहरदगा। कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि निशिकांत दुबे जान-बूझकर दुर्भावनापूर्ण शब्दों का इस्तेमाल करते हैं और भ्रम फैलाने की राजनीति करते हैं। भगत ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी अपनी जिम्मेदारियों से बचने के लिए निशिकांत दुबे को राजनीतिक ढाल की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं।
सुखदेव भगत ने कहा कि उन्होंने पहले भी यह स्पष्ट किया है कि निशिकांत दुबे कई बार ऐसे शब्दों का प्रयोग करते हैं जिनका उद्देश्य माहौल को भटकाना और अफवाह फैलाना होता है। यही कारण है कि उन्होंने उन्हें अफवाह फैलाने वाला कहा था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए निशिकांत दुबे एक तरह से राजनीतिक कवच का काम करते हैं, जो सरकार की जवाबदेही से ध्यान भटकाने की कोशिश करते हैं।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि इस तरह की बयानबाजी से संसद की कार्यवाही प्रभावित होती है और सदन का वातावरण भी बाधित होता है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार सुबह भी निशिकांत दुबे द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं और सरकार के आरोप महज अंधेरे में तीर चलाने जैसे हैं। सुखदेव भगत ने कहा कि कांग्रेस और मौजूदा सरकार के बीच यही मूलभूत अंतर है। उन्होंने कहा कि जहां आज की सरकार बिना तथ्यों के आरोप लगाने में व्यस्त है।
वहीं कांग्रेस ने अपने शासनकाल में ऊर्जा क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं। कांग्रेस सरकारों ने बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने, पावर सेक्टर में निवेश को बढ़ावा देने और गांव-गांव तक बिजली पहुंचाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की थीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों के कारण देश के ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती मिली और विकास को नई गति मिली।
इसके विपरीत, वर्तमान सरकार विपक्ष पर आरोप लगाने और राजनीतिक विवाद खड़ा करने में ज्यादा रुचि दिखा रही है। सुखदेव भगत ने कहा कि देश की जनता को बेबुनियाद आरोपों और राजनीतिक बयानबाजी से नहीं, बल्कि ठोस नीतियों और समाधान से फायदा होगा। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह गंभीर राष्ट्रीय मुद्दों पर जिम्मेदारी के साथ चर्चा करे और देश के हित में ठोस कदम उठाए।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse