एबीएन न्यूज नेटवर्क, गुमला/ लोहरदगा। गुमला के आदर भंडार टोली स्थित महाशिवरात्रि पूजा समिति द्वारा आयोजित भव्य महाशिवरात्रि पूजा महोत्सव में इस वर्ष आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस पावन अवसर पर क्षेत्र के पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। उन्होंने भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
महोत्सव के दौरान सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव के जयघोष और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। पूजा समिति के सदस्यों ने मुख्य अतिथि का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। स्थानीय लोगों में उनके आगमन को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम में भक्ति जागरण का विशेष आयोजन किया गया था, जिसका उद्घाटन पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के उपरांत उन्होंने स्वर्गीय शिव प्रसाद साहू के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया और उनके योगदान को स्मरण किया। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
अपने संबोधन में धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व हमारी सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव त्याग, तपस्या और करुणा के प्रतीक हैं। उनकी आराधना हमें सत्य, संयम और सेवा का संदेश देती है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं और नयी पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं।
मैं पूजा समिति को इस सफल आयोजन के लिए हृदय से बधाई देता हूं। उन्होंने आगे कहा कि गुमला की धरती सदैव सामाजिक सद्भाव और एकता के लिए जानी जाती रही है। इस प्रकार के आयोजन लोगों के बीच सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और समाज को संगठित रहने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी।
महोत्सव के दौरान रुद्राभिषेक, विशेष पूजा-अर्चना, भजन संध्या और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर जलाभिषेक किया और भगवान शिव से अपने परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी व्यापक तैयारियां की गयी थीं।
कार्यक्रम के अंत में पूजा समिति के सदस्यों ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। महाशिवरात्रि महोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा। मौके पर लोहरदगा विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, डी आई जी सीआरपीएफ रविंद्र भगत, युवा नेता निश्चय वर्मा, प्रेम कुमार दत्ता, अमित कुमार साहू, अमित वर्मा, छेदू साहू आदि लोग उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse