सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय का आगमन

 

ट्रस्ट के कार्य सच्चे अर्थों में मानवता की सेवा है यह अन्य संस्थाओं के लिए है प्रेरणा स्रोत : मंत्री दीपिका पांडेय  

टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग, रांची स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम परिसर में स्थापित सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह का आगमन हुआ। मंत्री के आगमन पर ट्रस्ट पदाधिकारियों एवं आश्रम परिवार द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया।

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने आश्रम का भ्रमण कर वहां रह रहे निराश्रितजनों, दिव्यांगों एवं मंदबुद्धि लोगों के लिए ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे मानव सेवा कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने आश्रम की स्वच्छता व्यवस्था, रहन-सहन, भोजन, चिकित्सा, वस्त्र एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को देखकर गहरी प्रसन्नता व्यक्त की। मंत्री ने कहा कि समाज के उपेक्षित वर्गों के लिए इस प्रकार की सेवा सच्चे अर्थों में मानवता की सेवा है और यह अन्य संस्थाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। 

मंत्री ने आश्रम में निवास कर रहे सभी निराश्रितजनों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना तथा उनके साथ बैठकर भोजन भी किया। इस अवसर पर मंत्री ने आश्रम प्रबंधन को हर संभव सरकारी सहयोग देने का आश्वासन दिया, ताकि सेवा कार्यों को और अधिक व्यापक एवं सुदृढ़ बनाया जा सके। 

ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि स्वामी सदानंद जी महाराज के सानिध्य में वर्तमान समय में आश्रम में कुल 42 निराश्रितजनों को समुचित आवास, पौष्टिक भोजन, स्वास्थ्य सेवा एवं सम्मानजनक जीवन की सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह आश्रम पूर्णत: सेवा एवं समर्पण की भावना से संचालित है। 

अपने दौरे के क्रम में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने श्री कृष्ण प्रणामी सदानंद सेवा धाम में संचालित गौशाला का भी भ्रमण किया। उन्होंने गौमाता की सेवा कर गौशाला में की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना की तथा गौ संरक्षण एवं गौ सेवा को भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग बताया। उन्होंने ट्रस्ट के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना ही सरकार और समाज दोनों का साझा दायित्व है। 

मौके पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सचिव मनोज चौधरी, पूरणमल सर्राफ,  सुरेश अग्रवाल, सज्जन पाड़िया, सुनील पोद्दार, संजय सर्राफ, मधुसूदन जाजोदिया, दीपेश निराला, विष्णु सोनी, अंजनी अग्रवाल, सुरेश चौधरी, मनीष सोनी, सुरेश भगत, ज्ञान प्रकाश शर्मा, संजय साहू, मुकुंद मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse