दुमका में सीएम हेमंत सोरेन ने दी 11 अरब की योजनाओं की सौगात

 

टीम एबीएन, दुमका/ रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गणतंत्र दिवस के अवसर पर उपराजधानी दुमका के पुलिस लाइन मैदान में तिरंगा फहराएंगे। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए वो बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर दुमका पहुंचे। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने अरबों की योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुमका के एसपी कॉलेज रोड में नवनिर्मित कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन किया। 

इसका निर्माण 33 करोड़ की लागत से किया गया है। इसके साथ ही सीएम ने 10 अरब 95 करोड़ की विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इसमें अधिकांश योजनाएं सड़क, पुल, पुलिया, भवन निर्माण की हैं। मुख्यमंत्री ने एक अरब की परिसंपत्तियों का भी वितरण किया और 103 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिये। साथ ही इस अवसर पर दुमका को कालाजार मुक्त भी घोषित किया गया।

 यह जानकारी दी गई कि आज की तिथि में दुमका में कालाजार के एक भी मरीज नहीं हैं। इसके जो मरीज स्वस्थ हो चुके हैं उन्हें मेडिकल किट भी प्रदान की गयी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंच से जिला पुलिस बल में कार्यरत दो आरक्षी नित्यानंद महतो और नगरदीप मंडल को सम्मानित किया। इन दोनों ने इसी माह 14 जनवरी को एक नाबालिग छात्रा के साथ जो गैंगरेप की घटना घटी थी उसकी पीड़िता को अपना रक्त देकर उसकी जान बचायी थी। मुख्यमंत्री ने दोनों की पीठ थपथपाई और कहा कि यह कार्य दूसरों को प्रेरणा देगा।

 मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पूरे देशवासियों को शुभकामना दी है। दुमका में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा है कि आज पूरी दुनिया में भारत की एक अलग पहचान बनी है। हमारे पूर्वजों का सपना था कि हमारा भारत देश हर मामले में पूरे विश्व में अपनी पहचान बनाये।आज उनका यह सपना पूरा हुआ है। आप देख सकते हैं कि भारत की ताकत, यहां के लोगों की संस्कृति-सभ्यता सभी चीजों को लेकर आज दुनिया में इसकी एक अलग पहचान बनी है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse