टीम एबीएन, रांची। झारखंड राज्य संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल परिषद की पहली बैठक मंगलवार को अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, श्री अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में उनके कार्यकक्ष में हुई। बैठक में निदेशक प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. सिद्धार्थ सान्याल, काउंसिल की चेयरपर्सन डॉ. मनीषा किरण, रिम्स के प्रभारी निदेशक डॉ. डी.के. सिन्हा, डॉ. अजीत खलखो, डॉ. विनोद कुमार अंशु सिंह सहित परिषद के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में राज्य में एलाइड एवं हेल्थकेयर से जुड़े पाठ्यक्रमों के नियमन, मानकीकरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। परिषद कॉलेजों एवं संस्थानों को संबद्धता देने के साथ विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद उनका पंजीकरण भी करेगी। डिप्लोमा सहित विभिन्न स्तर के पाठ्यक्रम परिषद के नियमन के दायरे में होंगे।
बैठक में पहले से अध्ययनरत ट्रांजिशन बैच के विद्यार्थियों की परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया। जिन पाठ्यक्रमों की अंतिम परीक्षा नहीं हो सकी है, उनके संबंध में आवश्यक निर्णय कैबिनेट के माध्यम से लेने की बात कही गई।
परिषद के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक पदों के सृजन तथा एक समर्पित वेब पोर्टल विकसित करने का निर्णय लिया गया। पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों, संस्थानों और स्वास्थ्यकर्मियों को पाठ्यक्रम, परीक्षा, पंजीकरण एवं अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएंगी।
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने सहिया, एमपीडब्ल्यू सहित कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों के लिए लगभग छह माह का विशेष प्रशिक्षण पाठ्यक्रम तैयार करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से मौजूदा मानव संसाधन की क्षमता बढ़ाने के साथ राज्य को प्रशिक्षित अतिरिक्त मानव बल भी उपलब्ध कराया जा सकता है।
बैठक में पुराने परिषदों से संबंधित लंबित मामलों, परिसंपत्तियों एवं देनदारियों के हस्तांतरण, मानव संसाधन की व्यवस्था तथा संस्थानों और पाठ्यक्रमों के नियमन के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र अंतिम रूप देने पर भी चर्चा हुई। परिषद के गठन का उद्देश्य झारखंड में एलाइड एवं हेल्थकेयर शिक्षा और पेशेवर सेवाओं के लिए एक समान, पारदर्शी और व्यवस्थित नियामक व्यवस्था विकसित करना है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse