टीम एबीएन, रांची। हरमू रोड स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए समाजसेवी एवं व्यवसायी संजय सर्राफ को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में केंद्र की प्रशासिका ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने उन्हें पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं विशेष ज्ञान पुस्तिका भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निस्वार्थ भाव से सेवा करने वाले व्यक्तित्व सदैव प्रेरणा के स्रोत होते हैं। संजय सर्राफ विगत दो दशकों से रांची के विभिन्न सामाजिक,धार्मिक, मीडिया एवं जनसेवा से जुड़े संस्थानों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
सम्मान प्राप्त करने के उपरांत संजय सर्राफ ने प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें इस संस्थान में आयोजित अनेक कार्यक्रमों में सम्मिलित होने का अवसर प्राप्त हुआ है। यहां आकर सदैव मानसिक शांति, आध्यात्मिक ऊर्जा तथा सकारात्मक प्रेरणा की अनुभूति होती है।
उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्थान विश्व बंधुत्व, मानवता, सेवा, नैतिक मूल्यों और विश्व शांति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का अनुकरणीय कार्य कर रहा है, जिससे समाज में सद्भाव एवं आध्यात्मिक जागृति का वातावरण निर्मित हो रहा है।इस अवसर पर बड़ी संख्या में ब्रह्मकुमारी बहनों एवं गण्यमान्य लोगों की उपस्थिति रहीं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse