झारखंड : बजट सत्र को लेकर स्पीकर ने बनायी रणनीति

 

बजट सत्र को लेकर स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने की उच्चस्तरीय बैठक, अधिकारियों को दिये ये निर्देश 

टीम एबीएन, रांची। बजट सत्र के दौरान सदन में आने वाले प्रश्नों को सही और ससमय जवाब देने का सख्त निर्देश स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने राज्य के आला अधिकारियों को दिये हैं। विधानसभा में मंगलवार को आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित विभिन्न विभागों के सचिव मौजूद थे। संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर की मौजूदगी में हुई इस बैठक में स्पीकर ने सदन में ध्यानाकर्षण, प्रश्नकाल आदि में आनेवाले प्रश्नों का सही और ससमय जवाब सरकार की ओर से देने के निर्देश दिये। 

बैठक के बाद स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने मीडियाकर्मी से बात की। स्पीकर ने कहा कि अधिकारियों के द्वारा आश्वस्त किया गया है कि जो भी सामग्री की आवश्यकता बजट सत्र के दौरान होगी, उसे उपलब्ध कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से विभागीय अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि ससमय प्रश्नों का जवाब आयेगा। 

संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने इस सत्र को अहम बताते हुए कहा कि अधिकारियों के साथ हुई बैठक में सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से संचालित करने में कार्यपालिका की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे में उनसे अपेक्षा की गयी है कि सदन के अंदर जो भी प्रश्न आये, उसका ससमय जवाब मिले। साथ ही विभिन्न विषयों पर चर्चा की गयी है। जिससे 18 फरवरी से शुरू हो रहे झारखंड विधानसभा के बजट सत्र को सुचारु ढंग से संचालित किया जा सके। 

17 दिनों के कार्यदिवस का होगा बजट सत्र 

झारखंड विधानसभा का बजट सत्र इस बार खास होने वाला है। इस बार के बजट सत्र में जहां विधानसभा पेपरलेस की दिशा में कदम बढ़ाता दिखेगा, वहीं सदन की कार्यवाही भी बदली बदली सी दिखेगी। 18 फरवरी से शुरू हो रहे इस बजट सत्र में कुल 17 कार्य दिवस होंगे। जिसकी शुरुआत 18 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण से होगा। 19 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और वाद विवाद के बाद 20 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2025-26 का तृतीय अनुपूरक बजट पेश होगा। 

20 फरवरी को आर्थिक सर्वेक्षण की रिपोर्ट 

20 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर वाद विवाद के बाद सरकार का उत्तर और मतदान होगा। इसी दिन राज्य सरकार द्वारा आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट भी लाये जाने की संभावना है। शनिवार और रविवार की वजह से 21 और 22 फरवरी को अवकाश रहेगा। वहीं 23 फरवरी को नगर निकाय चुनाव के मतदान की वजह से सदन की कार्यवाही स्थगित होने की संभावना है। हालांकि अभी तक के कार्यक्रम के अनुसार इस दिन अनुपूरक बजट पर वाद विवाद के बाद मतदान और पारण निर्धारित किया गया है। 

24 फरवरी को होंगे बजट पेश 

24 फरवरी को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। इससे पहले प्रश्नकाल की कार्यवाही होगी। 25 फरवरी को बजट पर सामान्य वाद विवाद के बाद सरकार का उत्तर होगा। 26 फरवरी को भी आय व्यय के अनुदान मांगों पर वाद विवाद के बाद सरकार का उत्तर होगा। 27 फरवरी को अनुदान मांगों पर वाद विवाद के बाद सरकार का उत्तर होगा। इसके बाद 28 फरवरी से 8 मार्च तक होली का अवकाश रहेगा। फिर 9 मार्च से 13 मार्च तक प्रश्नकाल के बाद बजट के अनुदान मांगों पर वाद विवाद के बाद सरकार का उत्तर और मतदान होगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse