टीम एबीएन, रांची। झारखंड स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूरे होने पर राजधानी रांची का मोरहाबादी मैदान रजत पर्व उत्सव का साक्षी बना। भव्य राज्य स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष गंगवार और अध्यक्षता कर रहे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूरे राज्य को विकास और नयी संभावनाओं की सौगात दी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 8,799 करोड़ रुपये की 1087 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर झारखंड के अगले 25 वर्षों के लिए विकास का नया रोडमैप प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की शुरुआत राज्यपाल के दीप प्रज्वलन से हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन के रैंप पर चलते हुए मंच पर पहुंचने का दृश्य हजारों की भीड़ के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।
मुख्यमंत्री ने शिबू सोरेन को याद करते हुए कहा कि आज उत्सव के साथ मन में सन्नाटा भी है। अपने संबोधन में सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि यह दिन दोहरा पर्व है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड का स्थापना दिवस। लेकिन इस रजत वर्ष पर पिता और आंदोलन के पुरोधा शिबू सोरेन की अनुपस्थिति उन्हें भीतर से भावुक कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड का इतिहास सिर्फ 2000 से नहीं, बल्कि सदियों के संघर्ष और बलिदानों से बना है, जिसे धरती के वीर सपूतों ने अपने खून-पसीने से सींचा।
उन्होंने कहा कि झारखंड ने देश को खनिज संपदा, जनशक्ति और प्राकृतिक संसाधनों के रूप में अमूल्य योगदान दिया है। इसलिए केंद्र सरकार को झारखंड को उसका पूरा हक और सम्मान देना चाहिए। सीएम ने युवाओं से कहा कि अगले 50 साल में झारखंड कैसा होगा, इसकी परिकल्पना और निर्माण उनकी जिम्मेदारी है। महिलाओं के उत्थान को लेकर उन्होंने बताया कि राज्य बजट का 50% महिलाओं व बालिकाओं के लिए समर्पित है। खेल, रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में तेज से सुधार किए जा रहे हैं।
राज्यपाल संतोष गंगवार ने झारखंड के समृद्ध इतिहास और वीर शहीदों के योगदान को याद करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अल्प आयु में ही जनजातीय समाज की आवाज बनकर इतिहास रचा। उन्होंने शिबू सोरेन को भी महान जननेता बताते हुए कहा कि वे उनके संसदीय सहयोगी रहे हैं। राज्यपाल ने शिक्षा, स्वास्थ्य और पलायन जैसी समस्याओं पर चिंता व्यक्त की लेकिन साथ ही विश्वास जताया कि झारखंड आत्मनिर्भरता और समृद्धि की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में मंत्रिमंडल के सदस्य, वरिष्ठ अधिकारी और राज्यभर से आए हजारों लोग शामिल हुए। हेलीकॉप्टर से की गई पुष्पवर्षा ने इस रजत पर्व को और भी भव्य बना दिया। मोरहाबादी मैदान में उमड़ी भीड़ और विकास योजनाओं की ऐतिहासिक घोषणा ने झारखंड स्थापना के 25 वर्षों को नई ऊर्जा और नई उम्मीदों के साथ यादगार बना दिया। इस अवसर पर जनजातीय पर आधारित प्रदर्शनी का राज्यपाल ओर सीएम ने उद्घाटन किया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse