टीम एबीएन, रांची। लोकसभा चुनाव 2024 का ऐलान हो गया है। झारखंड में इस बार भी 4 चरणों में चुनाव कराए जाएंगे। संसदीय चुनाव की शुरूआत 13 मई से शुरू होगी और यह 1 जून 2024 तक चलेगा। राजधानी रांची, जमशेदपुर, धनबाद औह गिरिडीह में 25 मई को वोटिंग होगी। देश भर में इस बार 7 चरणों में चुनाव कराये जा रहे हैं।
झारखंड में पहले चरण की वोटिंग 13 मई को होगी। इस दिन 4 सीट पर चुनाव कराए जाएंगे। अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित पलामू लोकसभा के अलावा अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित 3 अन्य लोकसभा सीटों पर भी चुनाव कराये जायेंगे।
पहले चरण में सिंहभूम, खूंटी और लोहरदगा (तीनों अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित लोकसभा क्षेत्र) सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं, पलामू में भी इसी दिन मतदान कराया जाएगा।
झारखंड में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग 20 मई को होगी, जिसमें तीन सामान्य सीटों पर चुनाव होंगे। चतरा, कोडरमा और हजारीबाग संसदीय क्षेत्र में वोट पड़ेंगे।
तीसरे चरण की वोटिंग 25 मई को होगी। इस दिन 4 लोकसभा क्षेत्र के लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। ये सभी 4 सीटें (गिरिडीह, धनबाद, रांची और जमशेदपुर) सामान्य सीटें हैं।
संताल परगना की तीन लोकसभा सीटों के लिए चौथे और अंतिम चरण में वोटिंग होगी। देश के सातवें और झारखंड के चौथे चरण का मतदान 1 जून 2024 को होगा। इस दिन अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित दो सीटें राजमहल और दुमका में वोटिंग होगी। गोड्डा संसदीय सीट सामान्य सीट है, इस पर भी 1 जून को ही वोट पड़ेंगे। 4 जून को मतगणना होगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित हो जाएंगे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse