टीम एबीएन, कोडरमा। आज समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय जन्म-मृत्यु निबंधन से संबंधित प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला में सभी उपस्थित सदस्यों को जिला सांख्यिकी पदाधिकारी कृष्ण मूर्ति द्वारा जन्म व मृत्यु निबंधन की महत्ता व उद्देश्यों की जानकारी दी गयी।
साथ ही बताया गया कि आगामी 14 जुलाई 2023 से 14 अगस्त 2023 तक राज्य में जिला स्तर एवं प्रखण्ड स्तर पर कोविड- 19 अवधि के दौरान छुटे हुए एवं अन्य छुटे हुए घटनाओं के शत-प्रतिशत निबंधन हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान जन-जागरूकता हेतु एवं आमजनों में जन्म-मृत्य की घटना के निबंधन के महत्व को समझाने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार का कायक्रम चलाया जाएगा। इस कार्य में जन्म-मृत्य निबंधन से जुड़े निबंधकों, आंगनबाड़ी सेविकाओं सहिया, सरकारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं अन्य सम्बन्धित पदाधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
05 वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों की सूची विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा उपलब्ध करायी जाएगी। सूची में डुप्लीकेसी की जांच प्रखंडों व जिला स्तरपर की जाएगी। इस अभियान में 100 फीसदी निबंधन का कार्य पूर्ण किया जाना है।
कार्यशाला में विभिन्न समयावधि में निबंधन हेतु आवेदन करने पर लगने वाले शुल्क और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गयी। साथ ही जिला, अनुमंडल व प्रखंड स्तर पर टास्क फोर्स के गठन, आयोजित होने वाले बैठकों की जानकारी दी गयी और आवश्यक प्रारूप उपलब्ध कराये गये।
कार्यशाला में अनुमंडल पदाधिकारी संदीप कुमार मीना, निदेशक डीआरडीए भागीरथ प्रसाद, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी, जिला शिक्षा अधीक्षक नयन कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शिवनंदन बड़ाइक, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचल अधिकारी, सांख्यिकी विभाग से मो.असद जालिल समेत अन्य मौजूद थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse