टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि नयी पीढ़ी को रोजगार देना उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। युवाओं को रोजगार देने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। अब तक हजारों युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया जा चुका है। नियुक्तियों का जो सिलसिला शुरू हुआ है, वह लगातार जारी रहेगा।
सीएम श्री सोरेन ने गुरुवार को मोरहाबादी मैदान में आयोजित नियुक्ति वितरण समारोह में बोल रहे थे। इस मौके पर उन्होंने 2550 पंचायत सचिवों को मिला नियुक्ति पत्र सौंपा। नियक्ति पत्र पा कर अभ्यर्थियों के चेहरे खिल उठे। समारोह में श्री सोरेन ने घोषणा की कि राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों को सशक्त करने के लिए हर साल मॉडल पंचायत बनाने वाले 5 पंचायत सचिवों को परिवार के साथ विदेश भ्रमण सरकार अपने खर्च पर करायेगी।
सीएम ने केंद्र को कोसा
सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार की निजीकरण नीति की वजह से जो रोग लगा है, वह भयावह है। केंद्र की नीति के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है। आम लोग इसमें पिस रहे हैं। गलत नीतियों के कारण नौकरी देनेवाली केंद्रीय संस्थाएं सिकुड़ती जा रही हैं। ऐसी स्थिति में हमने सरकारी नौकरी देने का काम किया है, जिसमें ओल्ड पेंशन स्कीम के तहत पेंशन भी मिलेगा।
विरोधियों पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि जब कभी भी नियुक्ति शुरू की जाती है तो जानबूझकर अड़ंगा लगाया जाता है। अभी तो शुरूआत है आगे कई बहाली जेपीएससी, जेएसएससी के माध्यम से आने वाला समय में होगी।
आप ऐसा काम करें, देश में आपके पंचायत का नाम हो
नियुक्ति पत्र पानेवालों को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा, सरकार के अंग के रूप में आपके जुड़ने से व्यवस्था मजबूत होगी। आप पंचायत के सिर्फ सचिव ही नहीं बल्कि उसके बीडीओ, सीओ, डीसी-एसपी सब हैं। विकास योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और सरकारी कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता तथा प्रभावशीलता बढ़ेगी।
आप ऐसा कार्य करें कि आपकी पंचायत पूरे राज्य और देश के लिए मिसाल बन सके। पंचायती राज विभाग में 1633 पंचायत सचिव, राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग में 707, वित्त विभाग में 166 एवं खाद्य आपूर्ति विभाग में 44 निम्नवर्गीय लिपिक योगदान करेंगें।
आपकी मदद से ही सरकार भी सफल होगी
सीएम ने कहा कि आपकी नियुक्ति सरकार को ऊर्जा देती है। ऐसे में सरकार जिस मकसद के साथ कार्य करना चाहती है, उसमें आपका सहयोग बेहद जरूरी है। आपको जो जिम्मेदारी दी जा रही है, उसे पूरी ईमानदारी के साथ निभायें। राज्य को गरीबी, अशिक्षा और पिछड़ेपन के कुचक्र से बाहर निकालने का काम करें।
उन्होंने कहा कि वर्तमान हालात और अनेकों चुनौतियों के बाद भी नयी पीढ़ी को रोजगार देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी कड़ी में बड़े पैमाने पर सरकारी विभागों में नियुक्तियां हो रही हैं, तो निजी क्षेत्र में भी हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के माध्यम से व्यवसाय करने के इच्छुक युवाओं को सरकार के द्वारा अनुदान आधारित ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
नियुक्तियो का सिलसिला जारी रहेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में युवाओं को रोजगार देने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। नियुक्तियों का जो सिलसिला शुरू हुआ है, वह लगातार जारी रहेगा। आने वाले दिनों में बड़े पैमाने पर शिक्षक, पुलिस और सरकारी विभागों में खाली पड़े अन्य पदों पर नियुक्तियां होंगी। अब तक हजारों युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया जा चुका है। इनमें इंजीनियर, डॉक्टर, पशु चिकित्सक, आयुष चिकित्सक, कृषि पदाधिकारी, खेल पदाधिकारी, शिक्षक, फॉरेंसिक विशेषज्ञ और नर्सेज समेत कई पदों पर बड़े पैमाने पर नियुक्तियां शामिल है।
उन्होंने कहा कि सबसे खास बात है कि आज किसान, मजदूर और गरीब तबके के युवाओं का अधिकारी बनने का सपना पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड देश का एक ऐसा राज्य है, जो हर व्यक्ति को सामाजिक सुरक्षा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ना सिर्फ सरकारी कर्मियों की पुरानी पेंशन योजना को लागू करने जा सरकार ने ऐतिहासिक काम किया है।
समारोह के दौरान वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री आलमगीर आलम, श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक राजेश कच्छप, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, विभागीय सचिव अमिताभ कौशल भी मौजूद रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse