14 मार्च से 10वीं और 12वीं की परीक्षा लेगा जैक

 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में 14 मार्च से जैक बोर्ड की मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा शुरू हो रही है। कदाचारमुक्त परीक्षा आयोजित करने के लिए झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। ईटीवी भारत से खास बातचीत के दरमियान जैक अध्यक्ष डॉ अनिल कुमार महतो ने कहा कि परीक्षा और उसकी तैयारियों से संबंधित कई जानकारियां दी हैं।

 झारखंड एकेडमिक काउंसिल बोर्ड की तरफ से कहा गया है कि यदि परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े जाएंगे तो उन्हें आर्थिक दंड के साथ-साथ जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है। इसलिए छात्रों से जैक ने अपील की है कि कदाचार मुक्त होकर परीक्षा में भाग लें। परीक्षा केंद्रों पर भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की जाएगी, साथ ही सीसीटीवी कैमरे भी लगाये गये हैं, जिससे कदाचार को रोका जा सके।

जैक अध्यक्ष डॉ अनिल कुमार महतो ने कहा कि परीक्षा के दौरान छात्रों को प्रश्नों को समझने के लिए 15 मिनट अतिरिक्त समय दिया गया है। इस दौरान परीक्षार्थी शांति पूर्वक प्रश्नों को पढ़कर समझेंगे। 15 मिनट के बाद उन्हें उत्तर पुस्तिका लिखने की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मैट्रिक और इंटर करियर की दृष्टिकोण से काफी अहम माना जाता है। 

इसलिए इसमें शामिल होने वाले राज्य के करीब आठ लाख परीक्षार्थियों से अपील है कि वे शांति पूर्वक परीक्षा में शामिल हो। खास बातचीत में जैक अध्यक्ष डॉ अनिल कुमार महतो ने कहा कि मैट्रिक और इंटर की परीक्षा को लेकर प्रश्न पत्र के साथ-साथ उत्तर पुस्तिका और अन्य परीक्षा सामग्री जिलों को उपलब्ध करा दिया गया है। हर जिले में उपायुक्त को परीक्षा संचालित कराने की जिम्मेदारी दी गयी है।

 इस साल मैट्रिक की परीक्षा में 4 लाख 33 हजार 718 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं जिनके लिए 1241 केंद्र बनाये गये हैं। वहीं इंटर की परीक्षा के लिए 719 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं, जहां 3 लाख 34 हजार 276 परीक्षार्थी शामिल होंगे। राजधानी रांची की बात करें तो मैट्रिक और इंटर की परीक्षा के लिए कुल 159 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जिसमें मैट्रिक के लिए 102 और इंटर के लिए 57 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं जहां करीब 82 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। 

इधर, जैक ने सरहुल को लेकर 24 मार्च को होने वाली परीक्षा को स्थगित करते हुए इसे 25 मार्च को मैट्रिक की और 3 अप्रैल को इंटर की परीक्षा लेने का निर्णय लिया है। गौरतलब है कि मैट्रिक और इंटर की परीक्षा दोनों पालियों में 14 मार्च से आयोजित की जायेगी जो 3 अप्रैल तक चलेगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse