टीम एबीएन, बड़कागांव। प्रखंड कृषि पदाधिकारी रवि रंजन के नेतृत्व में सुखाड़ से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत योजना के जरिए लगातार प्रभावित किसानों से आवेदन प्राप्त की जा रही हैं। अब 15 दिसंबर जो योजना की तय समय सीमा थी, झारखंड सरकार द्वारा उसे अगले आदेश तक बढ़ा दिया गया है इसलिए मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत योजना पोर्टल पर किसानों का निबंधन (रजिस्ट्रेशन) जारी रहेगा। हजारीबाग जिले के बड़कागांव में मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत योजना को लेकर प्रखंड कृषि पदाधिकारी, आत्मा प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबधक और पौधा संरक्षण केंद्र प्रभारी द्वारा प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में संचालित प्रज्ञा केंद्र का दौरा किया जा रहा है।
क्या बोले प्रखंड कृषि पदाधिकारी
प्रखंड कृषि पदाधिकारी रवि रंजन ने बताया कि सुखाड़ से प्रभावित है कृषक जिनका जीविकोपार्जन कृषि पर निर्भर है। जिनके द्वारा वर्ष 2022 की खरीफ में बुआई नहीं की गई हो, जिन किसानों की फसल 33 प्रतिशत से अधिक क्षति हुई हो तथा भूमिहीन कृषक मजदूर जिनकी कृषि आधारित आजीविका का साधन सुखाड़ से प्रभावित हुआ है, उनको इस योजना से जोड़ा जा रहा है।आत्मा प्रखंड तकनीकी प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि उपायुक्त हजारीबाग की दिशा निर्देश पर मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत योजना का लाभ ज्यादा से ज्यादा किसानों को मिले इसके लिए काम किया जा रहा है। ग्राम स्तर पर इस कार्य में किसान मित्र को भी लगाया गया है। कोशिश की जा रही है कि प्रखंड के प्रभावित सभी किसान का प्रज्ञा केंद्र में राजिस्ट्रेशन और ई के वाई सी कराया जाये ताकि ज्यादा से ज्यादा प्रभावित किसान को इसका लाभ मिल सके। प्रखंड स्तर पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी के निर्देश पर टीम द्वारा प्रज्ञा केंद्र का दौरा भी किया जा रहा है और ग्रामीण स्तर पर योजना से जुड़ी जानकारी भी किसान भाई को दी जा रही है।
हजारीबाग जिले में अब तक हुए रजिस्ट्रेशन में बड़कागांव अव्वल
अब तक हजारीबाग जिला में एक लाख आठ हजार दस किसानों ने मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत में रजिस्ट्रेशन कराया है, जिसमें बड़कागांव प्रखंड के 14,726 किसान सामिल है। इसमें से 6371 ऐसे किसान हैं जिन्होंने अब तक बुवाई नहीं की है। इसके अलावा 7,003 किसान ऐसे हैं जिनकी फसल क्षति 33 फ़ीसदी से ज्यादा है। 1,352 भूमिहीन कृषक मजदूरों में पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया है। प्रखंड कृषि पदाधिकारी रवि रंजन ने बताया कि रजिस्ट्रेशन संख्या को और बढाने के लिए लगातार कोशिश की जा रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse