नलकारी हादसा : लापता पांचवें पर्यटक की लाश पतरातू डैम में मिली

 

टीम एबीएन, रामगढ़/रांची। नलकारी नदी में बहे पांचवें पर्यटक का शव पतरातू डैम में छहलाता हुआ मिला। इसकी सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दे दी है। मौके पर पहुंची पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मद से शव को बाहर निकालने का प्रयास कर रही है। हादसे के 14वें दिन यह लाश मिली है। बताया गया कि आज मिला शव रांची के विवेक गौरव गाड़ी का है। बता दें कि 19 अगस्त की शाम पतरातू के बासल थाना क्षेत्र हरिहरपुर स्थित नलकारी नदी में अचानक बाढ़ आ गई थी। उस वक्त 5 पर्यटक नलकारी नदी की पुलिया पर पिकनिक मना रहे थे। अचानक आई बाढ़ में ये पांचों पर्यटक बह गये। इनकी कार भी उस बाढ़ में बह गयी। 20 अगस्त को स्थानीय गोताखोरों की मदद से दो शव डैम से बरामद किए गए थे। इनकी पहचान जमशेदपुर में बैंक ऑफ इंडिया में बतौर मैनेजर कार्यरत स्नेहा स्मृति और सुमित के रूप में हुई थी। इसके बाद स्थानीय गोताखोर बाढ़ में लापता बाकी 3 लोगों का पता लगाने में नाकाम हो गये तो 21 अगस्त को एनडीआरएफ की 9वीं बटालियन की टीम ने मोर्चा संभाला। एनडीआरएफ की टीम ने डैम से डॉ देवाशीष तिग्गा और समीर सौरभ के शव को ढूढ़ निकाला, लेकिन 3 दिनों की लगातार खोज के बाद भी एनडीआरएफ टीम विवेक गौरव गाड़ी का पता नहीं लगा सकी। विवेक गौरव की तलाश में ड्रोन कैमरे का भी इस्तेमाल किया गया था, लेकिन कामयाबी नहीं मिली थी। बता दें कि स्मृति स्नेहा और विवेक गौरव गाड़ी भाई-बहन थे, जबकि डॉ देवाशीष तिग्गा स्नेहा के मंगेतर थे। आज जब डैम में छहलाती हुई लाश दिखी तो खबर लिखे जाने तक गोताखोर उसे बाहर निकालने के प्रयास में जुटे थे। विवेक गौरव के परिजनों को इस बात की सूचना दे दी गई है। मालूम हो कि नलकारी एक बरसाती नदी है। बारिश के दिनों में ऐसी नदियों में अचानक बाढ़ आना सामान्य बात है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse