दलहन, तेलहन के साथ मशरूम उत्पादन और पशुपालन पर दें ध्यान : कृषि निदेशक

 

टीम एबीएन, पलामू/ रांची। दो दिवसीय दौरा पर पलामू पहुंची कृषि एवं पशुपालन निदेशालय की टीम आज दूसरे दिन पलामू जिले के विभिन्न प्रखंड क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान पलामू में वर्षा कम होने के कारण उत्पन्न स्थिति का आकलन किया। पलामू आने वालों में कृषि एवं बागवानी निदेशक निशा उरांव सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं। अधिकारियों ने अलग-अलग प्रखंड क्षेत्रों का दौरा किया और धान की रोपनी सहित अन्य फसलों के अच्छादन एवं वर्षा कम होने के कारण उत्पन्न स्थिति एवं किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं से अवगत हुए। साथ ही कृषि एवं वागवानी तथा पशुपालन निदेशालय से संचालित विभिन्न योजनाओं को लेकर जागरूक किया और इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कृषि निदेशक निशा उरांव के नेतृत्व में कृषि पदाधिकारियों का दल नावा बाजार प्रखंड के तुकबेरा, बाना, ईटकों, कंडा तथा पंडवा प्रखंड क्षेत्र के कोकरसा, भुसरा, मानहार आदि पंचायतों एवं गांवों का भ्रमण किया। उन्होंने पाया कि वर्षा कम होने से स्थिति बहुत संकटमय है। ऐसी स्थिति पर उन्होंने सरकार को रिपोर्ट सौंपने की बातें कही, ताकि सरकार किसान हित में ठोस निर्णय ले सकें। उन्होंने किसानों को रवि की अगेती फसल लगाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही किसानों को ब्लॉकचेन सिस्टम में रजिस्ट्रेशन कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस सिस्टम में रजिस्ट्रेशन से किसानों को फायदा होगा। उन्होंने फसल विविधीकरण के संबंध में जानकारी दी और पलामू जिला क्षेत्र में तेलहन, दलहनी फसलों के साथ-साथ सब्जी की विभिन्न किस्मों का उत्पादन करने एवं मशरूम उत्पादन के लिए किसानों को प्रेरित किया। वहीं झारखंड राज्य फसल राहत योजना के लिए किसानों को आॅनलाइन रजिस्ट्रेशन की जानकारी भी दी। उन्होंने किसानों को आश्वास्त किया कि 100% अनुदान पर उन्हें रवि के फसल सरसों एवं चना का बीज उपलब्ध कराया जायेगा, ताकि किसान इन फसलों को अपने खेतों में अगेती लगा सकें। इसके अलावा गेहूं एवं मसूर का बीज भी 90% अनुदान पर किसान को देने की योजना है। उन्होंने पशुपालन के लिए भी किसानों को प्रेरित किया और कहा कि पशुपालन कर पशुपालक किसान अच्छी आमदनी कर सकते हैं। उन्होंने अगेती फसलों को लगाने, नगदी एवं वैकल्पिक खेती पर विशेष ध्यान रखने, कृषि एवं उद्यान तथा पशुपालन निदेशालय की विभिन्न योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने के लिए किसानों को प्रेरित किया। कृषि निदेशालय की टीम में कृषि एवं वागवानी निदेशक निशा उरांव के साथ-साथ उनके ओएसडी विवेक मिश्रा, डिप्टी डायरेक्टर प्लानिंग संतोष कुमार, ज्वाइंट डायरेक्टर, पलामू अनिल कुमार, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी रेसू भारद्वाज, सहायक कृषि निदेशक मुक्ता रानी, भूमि संरक्षण निदेशक डॉ सुभाष सिंह, सहायक निदेशक रसायन दानिश मेराज के अलावा धरातलीय सत्यापन के दौरान आत्मा पलामू के उप परियोजना निदेशक मनोज कुमार सिंह, बीटीएम सुमित कुमार वर्मा, बीटीएम अमित कुमार, एटीएम अनिल कुमार मेहता, अनुमंडल प्रक्षेत्र सामान्य की रीना रानी आदि उपस्थित थे। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग से संचालित योजनाओं में लायें तेजी : धरातलीय सत्यापन के पश्चात शाम में कृषि निदेशक निशा उरांव ने समाहरणालय सभागार में जनसेवक, एटीएम, बीटीएम, उद्यान मित्र, किसान मित्र एवं अन्य कृषि कर्मियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी कृषि कर्मियों को कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं को विस्तारपूर्वक समझाया एवं जिले में कार्यरत सभी कर्मियों को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग से जुड़े कार्यों में तेजी लाने का निदेश दिया। उन्होंने ऋण माफी, पीएम किसान एवं फसल राहत योजना में लंबित ई -केवाईसी को शीघ्र पूरा करने पर बल दिया। वहीं अगेती रवि फसल प्रबंधन, अंतर्गत ड्रिप इरिगेशन, ब्लॉकचेन रजिस्ट्रेशन एवं अनुदानित बीज वितरण बढ़ाने, उत्पन्न परिस्थितियों में यथासंभव किसानों की मदद एवं कृषि संबंधित जानकारी लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse