दिवाली-छठ को लेकर तीन महीने पहले ही ट्रेनें हो गईं फुल

 

एबीएन सोशल डेस्क। त्योहारों की खुशियां घरवालों के संग बांटने की उत्सुकता कहें या फिर कोरोना के खौफ को परास्त करने का विश्वास। दीपावली और छठ महापर्व पर अपने घर आने की बेकरारी चरम पर है। ट्रेनों की बुकिंग के रूप में लोगों का उत्साह साफ देखा जा सकता है। बड़े शहरों में रहनेवाले धनबाद के लोगों ने तीन महीने पहले ही धनबाद आने वाली लंबी दूरी की ट्रेनें बुक करा ली हैं। दिल्ली, मुंबई, राजस्थान, गुजरात व पंजाब सहित अन्य राज्यों से धनबाद आनेवाली ट्रेनें दीपावली के पहले से छठ तक बुक हो चुकी हैं। सभी ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची के बोर्ड लहरा रहे हैं। पिछले दो वर्षों से दीपावली और छठ महापर्व के उल्लास को कोरोना वायरस की नजर लग गई थी। इस वर्ष 24 अक्तूबर को दीपावली है, जबकि 28 अक्तूबर को नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व शुरू हो रहा है। मेट्रो सिटी में रह कर कामकाज करने वाले धनबाद के लोगों ने 120 दिन पहले से ट्रेनों में बुकिंग शुरू कर दी थी। इसी का नतीजा है कि अक्तूबर में दिवाली से पहले धनबाद आनेवाली लंबी दूरी की अमूमन सभी ट्रेनें फुल हो चुकी हैं। कई ट्रेनों में शादी-विवाह के लग्न का असर नवंबर माह में भी देखा जा रहा है। दीपावली के बाद से छठ तक धनबाद से बिहार जाने वाली ट्रेनों में सीट बुक हो चुकी हैं। 17005 हैदराबाद- रक्सौल एक्सप्रेस में 22 और 29 अक्तूबर को चलेगी। दोनों दिन उत्तर बिहार जाने के लिए जगह नहीं मिल रही है। इसी तरह 18105 राउरकेला-जयनगर एक्सप्रेस दीपावली के बाद 26 और 28 अक्तूबर को चलेगी। दोनों दिन इस ट्रेन में सीट खाली नहीं है। 17007 सिकंदराबाद- दरभंगा एक्सप्रेस 24 और 27 अक्तूबर को चलेगी। इसमें भी सभी श्रेणी में वेटिंग है। 15027 रांची-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस में 21 से 28 अक्तूबर तक जगह नहीं मिल रही है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse