टीम एबीएन, बोकारो/रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देवघर एयरपोर्ट उद्घाटन के मौके पर बोकारो एयरपोर्ट से भी जल्द उड़ान सेवा शुरू करने की घोषणा की थी। उनकी घोषणा के बाद अब जिला प्रशासन इसको लेकर एक्टिव हो चुका है। बोकारो उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने सोमवार को एयरपोर्ट अथॉरिटी, बोकारो स्टील और फॉरेस्ट विभाग के अधिकारियों के साथ बोकारो एयरपोर्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ बोकारो के भाजपा विधायक बिरंचि नारायण भी मौजूद रहे। उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों से हवाई अड्डे के कार्यों को लेकर उनकी प्रगति को जाना। बोकारो हवाई अड्डे में उड़ान सेवा शुरू करने में सबसे बड़ी अड़चन 1732 पेड़ों को मौके से हटाना है। इसको लेकर वन विभाग की ओर से पेड़ कटाई का आदेश भी निर्गत कर दिया गया है। इसी को लेकर वन विभाग के डिपो मैनेजर को भी उपायुक्त ने एयरपोर्ट में तलब किया और पेड़ों की कटाई कर पेड़ों को डिपो तक ले जाने का रोड मैप भी तैयार कराया। उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने बताया कि जल्द ही पेड़ों की कटाई का काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बोकारो एयरपोर्ट में जो कंस्ट्रक्शन का काम होना था, वह पूरा हो चुका है। लाइसेंस के लिए दिए गए आवेदन के बाद जो भी डीजीसीए के द्वारा आपत्ति दर्ज किया जाएगा उसको भी दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन तय समय सीमा के अंदर बोकारो से उड़ान सेवा शुरू करने के लिए कटिबद्ध है। बोकारो के भाजपा विधायक बिरंची नारायण ने कहा कि बोकारो के लोगों के बोकारो से हवाई सफर करना एक सपना है, जिस सपने को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देवघर की धरती से पूरा करने के लिए जल्द उड़ान सेवा शुरू करने की बात कही है। हम चाहते हैं कि 2022 में यहां से उड़ान सेवा शुरू हो। उन्होंने कहा कि झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र में गैर सरकारी संकल्प के माध्यम से बोकारो हवाई अड्डा से उड़ान सेवा शुरू करने के लिए सवाल पूछेंगे। उन्होंने कहा कि हम सरकार से जानना चाहेंगे कब तक बोकारो हवाई अड्डे की उड़ान सेवा की शुरुआत करने की तारीख की घोषणा होगी। जिस प्रकार से जिला प्रशासन बोकारो हवाई अड्डे में उड़ान सेवा शुरू करने को लेकर तत्पर दिख रही है, वैसे में कहा जा सकता है कि बोकारो के लोग जल्द ही प्रधानमंत्री के द्वारा दिखाए गए सपने को साकार होता देखेंगे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse