टीम एबीएन, रांची। रांची का बिरसा जू इन दिनों जानवरों के नवजात बच्चों की किलकारी से गूंज रहा है। करीब 104 एकड़ में फैले इस चिड़ियाघर में जहां घड़ियाल और मोरनी ने कई बच्चों को जन्म दिया है। वहीं बाघों की ब्रीडिंग की तैयारी भी तेजी से चल रही है। बिरसा जू के चिकित्सक डॉ ओम प्रकाश साहू ने बताया कि बिरसा जू में जानवरों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। बिरसा जू में पिछले दिनों छह मोरनी ने कुल 25 बच्चों को जन्म दिया है। इनमें से कुछ बच्चों की इंक्यूबेटर के जरिए भी अंडों से ब्रीडिंग कराई गई है। वहीं चिड़ियाघर में घड़ियालों ने भी 30 बच्चों को जन्म दिया है, जिससे बिरसा जू प्रबंधन की खुशी दोगुनी बढ़ गयी है। इन बच्चों को देखने के लिए सैलानी भी खासी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। हालांकि बिरसा जू में सबसे ज्यादा सैलानी बाघिन अनुष्का की फैमिली को देखने के लिए पहुंचते हैं। अनुष्का के कुल 5 मादा बच्चों में दो लक्ष्मी और सरस्वती वयस्क हो चुकी हैं, जिनकी उम्र करीब 3 साल है। वही तीन बच्चे कृष्णा कावेरी और ताप्ती की उम्र करीब 2 साल है। वहीं दूसरी ओर बिरसा जू में बाघों के प्रजनन की तैयारी भी तेजी से चल रही है। सफेद बाघ जावा के साथ बाघिन अनुष्का और उसके दो वयस्क मादा बच्चों लक्ष्मी और सरस्वती के साथ ब्रीडिंग की तैयारी चल रही है। हालांकि बाघ और बाघिन जल्दी दोनों एक साथ रहना स्वीकार नहीं करते। लिहाजा पहले बाघ जावा और बाघिन सरस्वती को आमने सामने के बाड़े में रखा गया है; ताकि वे दोनों एक दूसरे को देख और समझ सकें। अगर सबकुछ सही रहा तो आने वाले ठंड में दोनों की ब्रीडिंग कराने की कोशिश की जाएगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse