टीम एबीएन, गुमला। उपायुक्त गुमला सुशांत गौरव की अध्यक्षता में समर अभियान एवं एनिमिया मुक्त भारत अभियान के प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक नया समाहरणालय भवन स्थित उपायुक्त के कार्यालय कक्ष में की गई। बैठक में उपायुक्त ने कुपोषण एवं एनिमिया जांच हेतु आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कुपोषण जांच हेतु आंगनबाड़ी केंद्रों में आवश्यक उपस्करों का मूल्यांकन कर पुनः प्रस्ताव भेजने का निर्देश जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को दिया। इसके साथ ही एनिमिया मुक्त भारत अभियान की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने 25 मार्च तक सभी विद्यालयों में अध्ययनरत किशोरियों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्र में आने वाले बच्चों की एनिमिया जांच सुनिश्चित करवाने का निर्देश सदर अनुमंडल पदाधिकारी को दिया। समर अभियान के सफल क्रियान्वयन के उद्देश्य से उपायुक्त ने डीपीएम जेएसएलपीएस को एक टीम तैयार कर एनिमिया, कुपोषण तथा आंकड़ों के संग्रहण से संबंधित कार्य हेतु जिलास्तरीय प्रबंधक की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मुख्य रूप से हाऊस-टू-हाऊस सर्वे पर जोर दिया। उन्होंने सर्वेक्षण तथा डाटा प्रविष्टि हेतु अलग-अलग टीम तैयार करने का निर्देश दिया। बैठक में दिव्यांगजनों का यूडीआईडी कार्ड बनाने की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि अबतक 3594 दिव्यांगजनों को चिन्हित किया गया है तथा 5182 ऐसे दिव्यांगजन हैं जिनका पहले से दिव्यांग्ता प्रमाण पत्र बना हुआ है। 4302 दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाण पत्रों का डिजिटाईजेशन हेतु डाटा प्रविष्टि का कार्य कर लिया गया है। इसके अलावे 2090 दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड निर्गत कराया गया है। समीक्षा के क्रम में सिविल सर्जन के स्तर से दिव्यांग जनों के दिव्यांगता प्रमाण पत्रों की स्वीकृति का कार्य लंबित पाया गया। इसपर असंतोष व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने अगले तीन दिनों में वैसे सभी दिव्यांग जन जिनको दिव्यांगता प्रमाण पत्र निर्गत किया गया है, उनका स्कैन्ड कॉपी तैयार कर पोर्टल पर प्रविष्ट करवाने का निर्देश सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग को दिया। उपायुक्त ने यूडीआईडी कार्ड निर्गत करने की प्रक्रिया को सुगमतापूर्वक संपादित करवाने के उद्देश्य से सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग को दिव्यांगजनों को चिन्हित कर उनकी सूची जेएसएलपीएस को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने यूडीआईडी कार्ड निर्गत करवाने के उद्देश्य से पुराने दिव्यांगता प्रमाण पत्र धारी दिव्यांगजनों का प्रमाण पत्र पोर्टल पर अपलोड करने तथा नए चिन्हित प्रमाण पत्र धारकों का ऑन द स्पॉट दिव्यांगता प्रमाण पत्र स्कैन कर अपलोड करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया। साथ ही उन्होंने वैसे सभी दिव्यांगजन, जिनका पंजीकरण हुआ है किंतु उन्हें दिव्यांगता प्रमाण पत्र निर्गत नहीं हुआ है, उनका युद्धस्तर पर दिव्यांगता प्रमाण निर्गत करने का भी निर्देश दिया। इसके साथ ही उपायुक्त ने दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने हेतु आयोजित होने वाले शिविरों को सफल बनाने पर विशेष बल दिया। इसके अलावा उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिव्यांगजनों को चिन्हित कर प्रतिवेदित करने का भी निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त सुशांत गौरव सहित सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद, जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेंद्र पाण्डेय, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सीता पुष्पा, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग खुशेंद्र सोन केशरी, डीपीएम जेएसएलपीएस सुजीत बारी व अन्य उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse