टीम एबीएन, गुमला। उपायुक्त ने जनता दरबार में आए फरियादियों की समस्याओं से रूबरू होते हुए संबंधित पदाधिकारियों को पत्र अग्रसारित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त गुमला सुशांत गौरव ने साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन कर फरियादियों की समस्याओं से रूबरू होते हुए संबंधित पदाधिकारियों को उन समस्याओं के निष्पादन हेतु पत्र अग्रसारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया। जनता दरबार में पालकोट प्रखंड निवासी लगनी देवी ने आवेदन समर्पित कर अपनी दयनीय आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए बताया है कि वे गरीब हैं, उनका राशन कार्ड नहीं होने के कारण उन्हें जीवनयापन करने में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अतः उन्होंने उपायुक्त के समक्ष राशन कार्ड बनवाने की गुहार लगाई है। जिसपर उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को मामले की सत्यापन करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। एक अन्य मामले में घाघरा प्रखंड के अरंगी पंचायत निवासी प्राची शिखा ने आवेदन समर्पित कर बताया है कि उन्होंने जनवरी माह में ग्रीन राशन कार्ड हेतु आवेदन समर्पित किया था, किंतु अबतक उनका ग्रीन राशन कार्ड लंबित है। उन्होंने यह भी बताया कि मस्तिष्क की बीमारी के कारण वे शारीरिक रूप से अस्वस्थ हैं। मस्तिष्क के ईलाज हेतु उन्हें सीटी स्कैन कराने की आवश्यकता है, किंतु उनकी आर्थिक स्थिति दयनीय होने के कारण वे अपना ईलाज करवाने में असमर्थ हैं। इसके साथ ही उनकी बेटी भी गंभीर बीमारी से ग्रसित है। अतः उन्होंने राशन कार्ड के साथ-साथ आयुष्मान कार्ड भी उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। इसपर उपायुक्त ने ग्रीन राशन कार्ड निर्गत करवाने हेतु जिला आपूर्ति पदाधिकारी तथा आयुष्मान कार्ड हेतु सदर अनुमंडल पदाधिकारी को पत्र अग्रसारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। एक अन्य मामले में सदर प्रखंड के कुलाबीरा पंचायत स्थित पंडरिया गांव के ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से आवेदन समर्पित कर बताया है कि जिला मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर की दूरी पर अवस्थित कुलाबीरा पंचायत के पंडरिया ग्राम में विद्युत की व्यवस्था नहीं है। शुद्ध पेयजल के अभाव में आज भी ग्रामीण खुले-पुराने कुओं पर आश्रित हैं। इसके साथ ही पंडरिया में नेटवर्क की सुविधा भी नहीं है। इन सभी बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण उनका गांव शैक्षणिक एवं आर्थिक रूप से पिछड़ता जा रहा है। अतः ग्रामीणों ने उपायुक्त के समक्ष उपरोक्त वर्णित सभी समस्याओं के निराकरण हेतु गुहार लगाई है। जिसपर उपायुक्त ने सदर बीडीओ को पत्र अग्रसारित करते हुए पंडरिया ग्राम का भ्रमण कर सभी समस्याओं का आंकलन करते हुए विस्तृत प्रतिवेदन 28 मार्च तक समर्पित करने को कहा। जनता दरबार में बिशुनपुर प्रखंड के बिशुनपुर निवासी सुमति कुमारी ने आवेदन समर्पित कर बताया है कि उनकी माता स्वर्गीय मतिया उराईन बिशुनपुर थाने में चौकीदार के पद पर कार्यरत थी। जिनकी मृत्यु 15 अक्तूबर 2012 को सेवाकल में ही हो गई थी। उनके पिता की भी मृत्यु पूर्व में हो चुकी है। उन्होंने आगे बताया कि उनके परिवर में आय का कोई अन्य स्रोत नहीं है, जिसके कारण वे अपना भरण-पोषण करने में असमर्थ हैं। उन्होंने आगे बताया कि उनकी मां की मृत्यु के समय वह नाबालिग थीं। किंतु अब बालिग हो चुकी हैं। अतः उन्होंने उपायुक्त के समक्ष अपनी मां के स्थान पर अनुकम्पा के आधार पर नौकरी दिलाने की गुहार लगाई है। जिसपर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को पत्र अग्रसारित करते हुए अगले जिला स्थापना समिति की बैठक में इस मामले को उपस्थापित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा जनता दरबार में राजस्व कर्मचारी द्वारा अनावश्क रूप से परेशान किए जाने, लोकसभा आमचुनाव में अधिग्रहित वाहन के लंबित भुगतान, राशन कार्ड निर्गत करवाने आदि मामलों में फरियादियों ने आवेदन समर्पित कर समस्याओं के निष्पादन हेतु गुहार लगाई। जिसपर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को पत्र अग्रसारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse