टीम एबीएन, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। स्लम बस्तियों में रह रहे गरीबों, दलितों के बच्चों का जाति, आवासीय प्रमाण पत्र बनाने की मांग पर दलित शोषण मुक्ति मंच (डीएसएमएम) ने अंचल कार्यालय पर जुझारू प्रदर्शन करते हुए कार्यालय का घेराव किया गया। इससे पूर्व वीर कुंवर सिंह चौक से एक जुलूस भी निकाला गया, जो ओवर ब्रिज, झंडा चौक, ब्लॉक रोड होते हुए अंचल कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन व सभा में तब्दील हो गया। जुलूस में गरीबों का जाति प्रमाण पत्र बनाना होगा, भूमिहीन गरीबों को उसका हक देना होगा आदि नारे लगाए जा रहे थे। इस अवसर पर शम्भु पासवान की अध्यक्षता में हुई सभा को सीटू राज्य कमिटी सदस्य संजय पासवान, निर्माण मजदूर यूनियन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश, दलित शोषण मुक्ति मंच के जिलाध्यक्ष दिनेश रविदास, सचिव महेंद्र तुरी, सामाजिक कार्यकर्ता दुर्गा राम, रामचन्द्र राम, बसंती देवी, अशोक रजक, नागेश्वर दास, शिवनंदन भूइयां, रोहित रविदास आदि ने सम्बोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि झारखंड में दलित भूमिहीन है, वर्षों से गरीब लोग रह रहे हैं, लेकिन उनके बच्चों का जाति आवासीय प्रमाण पत्र नहीं बनाया जा रहा है। क्या जिसके पास जमीन नहीं है, वे जाति विहीन है। पिछली रघुवर सरकार ने दलितों आदिवासियों को उनके अधिकार से वंचित करने के लिए गलत नियम बनाया था। झारखंड सरकार भी इसमें परिवर्तन नहीं कर रही है। नियम के अनुसार जिनके पास खतियान नहीं है, उन्हें ग्राम सभा के माध्यम से प्रमाण पत्र जारी करना है, लेकिन कोडरमा के सीओ नहीं कर रहें हैं और गरीबों के बच्चों के अधिकार से वंचित कर रहे हैं। प्रदर्शन उपरांत 7 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल अंचल अधिकारी से मिलकर ज्ञापन सौंपा और वंचितों का जाति प्रमाण पत्र बनाने की मांग की। जिस पर सीओ ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में विभिन्न स्लम बस्तियों से बबलू दास, शांति देवी, गुड़िया देवी, शर्मिली देवी, आरती देवी, रेखा देवी, बिहारी यादव, युगल यादव सहित सैकड़ों की संख्या में महिला पुरूष व बच्चे शामिल थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse