टीम एबीएन, गुमला। जिला प्रशासन एवं जिला स्वास्थ्य समिति के संयुक्त तत्वावधान में आज सदर अस्पताल परिसर में एमडीए (फाइलेरिया) एवं मिशन इंद्रधनुष 4.0 का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त सुशांत गौरव, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी स्वास्थ्य रवि आनंद, सिविल सर्जन डॉ राजू कच्छप सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलन कर किया। मौके पर उपायुक्त सुशांत गौरव ने इस अभियान को संबोधित करते हुए कहा कि एमडीए अभियान के तहत फाइलेरिया से बचाव के निमित्त अगले पांच दिनों तक फाइलेरिया रोधी दवा की खुराक भी दिलाई जाएगी। एमडीए अभियान के दौरान जहां आज सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, वार्ड कार्यालयों, स्वास्थ्य उपकेंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर दवा प्रशासकों द्वारा यह दवा नि:शुल्क खिलाई जाएगी। छूटे हुए लोगों को शेष दिनों में घर-घर जाकर यह दवा खिलाई जाएगी। वहीं एक से दो वर्ष के बच्चों को कृमि मुक्ति हेतु दवा की खुराक खिलाई जाएगी। इस अभियान का मकसद गुमला जिले को शत-प्रतिशत फाइलेरिया मुक्त बनाना तथा मिशन इंद्रधनुष के तहत शत-प्रतिशत प्रतिरक्षण सुनिश्चित करना है। उन्होंने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि आप स्वयं अपने बच्चों के साथ सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना में अपना योगदान सुनिश्चित करें। सिविल सर्जन डॉ राजू कच्छप ने अभियान की जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस अभियान के माध्यम से फाइलेरिया उन्मूलन हेतु उम्र के आधार पर फाइलेरिया की दवा खिलाई जाएगी। इसके साथ ही कृमि मुक्ति हेतु एल्बेंडाजोल की भी खुराक खिलाई जाएगी। वहीं मिशन इंद्रधनुष 4.0 तीन चरणों में चला जाएगा। जिसके तहत आज से लेकर अगले सात दिनों तक यह कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसके पश्चात् तीन महीने लगातार यह कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से नियमित टीकाकरण से छूटे हुए बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जाएगा। इसके साथ ही फाइलेरिया उन्मूलन हेतु एमडीए कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह कार्यक्रम आज से प्रारंभ होकर 12 मार्च तक यह अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से आज सभी बूथों पर फाइलेरिया की दवा खिलाई जाएगी। कल से घर-घर जाकर फाइलेरिया उन्मूलन की दवा खिलाई जाएगी। मौके पर उपायुक्त, सदर अनुमंडल पदाधिकारी एवं सिविल सर्जन ने एमडीए की खुराक खाई तथा आमजनों को भी फाइलेरिया रोधी दवा खाने हेतु प्रेरित किया। ज्ञातव्य है कि एमडीए कार्यक्रम के तहत लक्षित जनसंख्या 10 लाख 52 हजार 887 है। इसी प्रकार मिशन इंद्रधनुष के प्रथम चरण में 405 सेशन के माध्यम से 1013 बच्चों एवं 378 गर्भवती महिलाओं को नियमित टीकाकरण से आच्छादित करने का लक्ष्य निर्धारित है
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse