टीम एबीएन, कोडरमा। 28 - 29 मार्च को देशव्यापी हड़ताल सफल बनाने के आह्वान के साथ सीटू और एफएमआरएआई से संबद्ध बिहार झारखंड मेडिकल सेल्स रिप्रेजेंटेटिव यूनियन (बीएसएसआरयू) झुमरीतिलैया इकाई का वार्षिक सम्मेलन विवाह भवन में संपन्न हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता सुनील कुमार गुप्ता ने किया। सम्मेलन में सर्वप्रथम शोक प्रस्ताव पेश किया गया जिसमें आईएमए के अध्यक्ष डॉ संजीव कुमार झा और आईएमए के सदस्य डॉ सुधीर सेठ के प्रति, साथ ही जनवादी आंदोलन में मारे गए साथियों के प्रति और देश के लिए मारे गए सेना के प्रति एक मिनट का मौन रखकर शोक संवेदना व्यक्त की गई। सम्मेलन में यूनिट सचिव दिलीप सिन्हा ने राजनीतिक सांगठनिक रिपोर्ट पेश किया, जिस पर कई प्रतिनिधियों ने विचार रखे और सर्वसम्मति से रिपोर्ट को पारित किया गया। सम्मेलन का विधिवत उदघाटन करते हुए यूनियन के राज्य कमिटी सदस्य और हजारीबाग इकाई के अध्यक्ष सुदीप चटर्जी ने अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि बीएसएसआर यूनियन झारखंड के सहायक महासचिव असीम हलधर ने कहा कि केन्द्र सरकार की कॉरपोरेट परस्त नीतियों के कारण मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की नौकरी सुरक्षित नहीं है। बिना कारण के कम्पनी बंद हो जा रही है और हजारों युवा को बिना कोई मुआवजा दिए उन्हें बेरोजगार किया जा रहा है। नियम विरुद्ध दवाईयों की ऑनलाइन मार्केटिंग के चलते सेल्स प्रमोशन की नौकरी खतरे में पड़ गया है। उन्होंने कहा कि सरकार दवाइयों पर 5 से 18 प्रतिशत तक जीएसटी वसूल रही है, जो मानवता के खिलाफ है। इसलिए हमारी यूनियन की मांग है कि दवाइयों पर जीरो प्रतिशत जीएसटी होनी चाहिए ताकि आम जनता सस्ते दामों में दवाई खरीद सके। विशिष्ट अतिथि सीटू राज्य कमिटी सदस्य और मजदूर नेता संजय पासवान ने कहा कि केन्द्र की भाजपानीत मोदी सरकार के द्वारा मजदूरों का रक्षा कवच श्रम कानूनों को समाप्त कर चार लेबर कोर्ड मे परिवर्तित कर मजदूरों को गुलाम बनाने की साजिश कर रही है। महंगाई से आम लोगों की कमर टूट चुकी है। निजीकरण के रास्ते देश की सार्वजनिक सम्पत्तियों को बेचा जा रहा है, युवाओं के लिए सरकारी नौकरी के दरवाजे बंद किए जा रहे हैं, जिसके खिलाफ 28 और 29 मार्च को सीटू सहित ग्यारह ट्रेड यूनियनों ने दो दिवसीय मजदूर हड़ताल का आह्वान किया है, जिसमें करोड़ों मजदूर कर्मचारी शामिल होंगे। मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ हड़ताल को सफल करना होगा। सम्मेलन में सर्वसम्मति से 13 सदस्यीय यूनिट कमिटी का गठन किया गया। जिसमें सुनील कुमार गुप्ता अध्यक्ष, दिलीप सिन्हा सचिव, मिर्नाल गौतम सहायक सचिव, परमेन्द्र कुमार उपाध्यक्ष और बबलू कुमार मोदी कोषाध्यक्ष के अलावा रजनीश कुमार, अमित आनंद, मुकेश खण्डेलवाल, बसंत यादव, समीर कुमार, सिकन्दर कुमार, रणधीर सिंह, अवधेश सिन्हा कार्यकारिणी सदस्य चुने गए।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse