एबीएन सेंट्रल डेस्क। यूक्रेन के जापोरीझझया न्यूक्लियर प्लांट के पास रूसी मिसाइल से हमला किया गया। इस हमले के बाद प्लांट में भीषण आग लग गई। उधर, रूस का यूक्रेन पर ताबड़तोड़ हमला जारी है। इस बीच कीव में एक भारतीय छात्र गोली लगने से घायल हो गया। केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह का कहना है कि, हम कम से कम नुकसान में ज्यादा से ज्यादा भारतीयों को एयरलिफ्ट कराने की कोशिश कर रहे हैं। न्यूक्लियर प्लांट के उपकरणों को नुकसान नहीं- जेलेंस्की : यूक्रेन के जापोरीझझया परमाणु ऊर्जा संयंत्र में आग के बाद राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी से बात की। उन्होंने बताया कि रूसी मिसाइल से हमले के बाद प्लांट के पास आग लग गई। हालांकि, इससे प्लांट के आवश्यक उपकरणों को नुकसान नहीं पहुंचा है। बाइडन-जेलेंस्की के बीच हुई बातचीत : यूक्रेन को जापोरीझझया न्यूक्लियर प्लांट पर रूसी मिसाइल से हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपने यूक्रेनी समकक्ष वोलोदिमिर जेलेंस्की से टेलीफोनिक वार्ता की। दोनों नेताओं के बीच सैन्य, आर्थिक और मानवीय सहायता पर भी बात हुई है। यूक्रेन ने तीन हजार भारतीयों को बनाया बंधक- पुतिन : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने जंग के बीच बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन ने करीब तीन हजार भारतीय छात्रों को बंधक बनाया है। हम भारतीय छात्रों को बाहर निकालने में पूरी मदद करेंगे। रूसी सेना की ओर से रिहायशी इलाकों में हमला नहीं किया जा रहा है। यूक्रेन ने इन इलाकों में सैनिक और टैंक तैनात किए हैं। कोई फासिस्ट ही ऐसा कर सकता है। पुतिन ने कहा कि यूक्रेनी सेना विदेशियों को जाने नहीं दे रही है। रूसी सैनिकों ने बंधकों को रिहा कराया है। यूक्रेन के न्यूक्लियर प्लांट में लगी आग : रूसी हमले में यूक्रेन के न्यूक्लियर प्लांट में भीषण आग लग गई। जानकारी के मुताबिक, रूसी मिसाइल प्लांट के पास गिरी, जिससे यह घटना हुई। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के प्रमुख सलाहकार ने जापोरीझझया न्यूक्लियर प्लांट में आग का वीडियो ट्वीट कर इसकी पुष्टि की है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse