टीम एबीएन, रांची। 22 वर्ष बाद झारखंड राज्य पथ परिवहन निगम के गठन का सपना साकार होगा। झारखंड की सड़कों पर सरकार की बसें भी चलेंगी। परिवहन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2022-23 के आम बजट में निगम के गठन का प्रस्ताव शामिल करने की अनुशंसा की है। परिवहन मंत्री व सचिव की स्वीकृति के बाद प्रस्ताव को वित्त विभाग को बजट भाषण में शामिल करने के लिए भेज दिया है। मालूम हो कि झारखंड संभवत: देश का पहला राज्य है, जिसका अपना पथ परिवहन निगम नहीं है। इसी तरह एचईसी परिसर में प्रस्तावित ट्रैफिक पार्क के निर्माण को भी मूर्त रूप दिया जाएगा। बजट में इसके लिए 10 करोड़ रुपए कर्णांकित किए जाएंगे। यह झारखंड का पहला ट्रैफिक पार्क होगा, जहां ट्रैफिक नियमों, गाड़ियों की जानकारी के अलावा बच्चों के मनोरंजन की व्यवस्था होगी। बिहार ने निगम बना लिया, झारखंड 22 वर्ष तक सोचता ही रहा : वर्ष 2000 में बिहार से झारखंड अलग हो गया। अलग झारखंड बनने के बाद लगभग तीन साल तक बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के माध्यम से ही बसों का संचालन होता रहा। लेकिन 2004 में बिहार ने झारखंड से अपना रिश्ता तोड़ कर अलग बिहार राज्य पथ परिवहन निगम का गठन कर लिया। हालांकि निगम की संपत्तियों पर कई वर्षों तक चले विवाद के बाद 2009 में निगम की परिसंपत्तियों का पूरी तरह बंटवारा हो गया। झारखंड को 700 कर्मचारी मिले। उन्हें दूसरे सरकारी विभागों में प्रतिनियुक्त किया गया। पार्क में जाने वाला व्यक्ति ट्रैफिक रूल्स से वाकिफ होगा : पार्क एेसा होगा, जहां एक बार जाने के बाद व्यक्ति ट्रैफिक से जुड़ी अधिकतम जानकारियां प्राप्त कर सकेगा और उसे ड्राइविंग लाइसेंस लेने में सहुलियत होगी। इसके अलावा पार्क में बच्चों के मनोरंजन के भी साधन होंगे। बच्चों के चलाने के लिए तरह-तरह की गाड़ियां होंगी। जानकारी के अनुसार, पार्क निर्माण के लिए टाटा के साथ जल्द ही एमओयू किये जाने की भी संभावना है। टाटा मोटर पार्क निर्माण में कंसलटेंट की भूमिका निभाएगी। एचईसी परिसर में 3.5 एकड़ जमीन पर बनेगा ट्रैफिक पार्क : एचईसी परिसर में जगन्नाथपुर मंदिर से पहले लगभग साढ़े तीन एकड़ जमीन पर ट्रैफिक पार्क निर्माण की भी बजट में घोषणा होगी। परिवहन विभाग ने ट्रैफिक पार्क निर्माण का प्रस्ताव भी बजट भाषण में शामिल करने की अनुशंसा की है। इसके लिए अगले बजट में 10 करोड़ की राशि आवंटित करने का प्रस्ताव दिया है। यह झारखंड का पहला ट्रैफिक पार्क होगा। ट्रैफिक पार्क में ट्रैफिक से जुड़े चिह्नों को दर्शाया जाएगा। इसके अलावा वहां पुरानी से पुरानी और नई गाड़ियों को दर्शाया जाएगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse