गुमला उपायुक्त ने की विद्यार्थियों के बैंक खाता खोलने की अद्यतन स्थिति की समीक्षा

 

टीम एबीएन, गुमला। उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में प्रखंडवार सरकारी एवं अल्पसंख्यक सहायता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के बैंक खाता खोलने की अद्यतन स्थिति की समीक्षा हेतु शिक्षा विभाग एवं बैंक शाखा प्रबंधकों के साथ बैठक आईटीडीए भवन के सभागार में की गई। बैठक में उपायुक्त ने बैंकवार लंबित तथा स्वीकृत आवेदनों की समीक्षा की। बैठक में उपायुक्त ने बैंक शाखावार छात्र-छात्राओं के बैंक खाता खोलने की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि 12 फरवरी 2022 तक बैंक आॅफ इंडिया कोटाम शाखा में 295 आवेदन भेजे गए हैं। जिसमें से 150 खाते खोले गए तथा बैंक आॅफ इंडिया टोटो शाखा में 600 आवेदन भेजे गए थे, जिसमें से 146 खाते खोले गए। इसपर उपायुक्त ने प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी गुमला को खोले गए खातों की सूची शाखा प्रबंधक से प्राप्त करने का निर्देश दिया। साथ ही शाखा प्रबंधक को प्राथमिकता के आधार पर शेष लंबित आवेदनों को अविलंब निष्पादित करते हुए शत-प्रतिशत खाता खोलने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान गुमला तथा घाघरा प्रखंडों की स्थिति असंतोषजनक पाई गई। जहां खाता खोलने में सदर प्रखंड की उपलब्धि 10 प्रतिशत वहीं घाघरा प्रखंड की उपलब्धि 12 प्रतिशत पाई गई। वहीं समीक्षा के क्रम में पाया गया कि जिला कल्याण पदाधिकारी द्वारा छात्र-छात्राओं के खाता खोलने हेतु एक भी बैंक शाखा का भ्रमण नहीं किया गया है। जिसपर उपायुक्त ने क्रोध प्रकट करते हुए जिला कल्याण पदाधिकारी के विरूद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में विभिन्न शाखा प्रबंधकों द्वारा विद्यार्थियों के खाता खोलने से संबंधित सूची अप्राप्त होने की जानकारी दी गई। जिसपर उपायुक्त ने सभी प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत विद्यालयवार छात्र-छात्राओं के खाता खोलने से संबंधित अद्यतन सूची ससमय शाखा प्रबंधकों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि समय पर बैंक खाते खोलकर सभी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ दिलाया जा सके। उपायुक्त ने जिले के सभी सरकारी एवं सरकारी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के बैंक खाते खोलने के संबंध में सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी तथा क्षेत्र शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों को प्रखंडवार बैंकों का भ्रमण कर बैंक खाता खुलवाने की प्रक्रिया में गति लाने पर जोर दिया। उपायुक्त ने सभी शाखा प्रबंधकों को फरवरी माह के अंत तक शत-प्रतिशत विद्यार्थियों का बैंक खाता खोलने का निर्देश दिया, ताकि समय पर उन्हें छात्रवृत्ति का लाभ दिलाया जा सके। बैठक में अपर समाहर्त्ता सुधीर कुमार गुप्ता ने छात्रवृत्ति के विषय को अति गंभीरता से लेने पर विशेष बल देते हुए सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों/ प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों तथा शाखा प्रबंधकों को संवेदनशीलता से तथा प्राथमिकता के आधार पर छात्र-छात्राओं के बैंक खाता खोलने हेतु निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने सभी प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों को बैंकों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए प्रतिदिन बैंकों द्वारा खोले गए खातों का अनुश्रवण करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों को व्यक्तिगत बैंकों में जाकर छात्र-छात्राओं के आवेदन जमा करने का निर्देश दिया तथा बैंक शाखा प्रबंधकों को अपने-अपने शाखाओं में आवेदन पत्रों की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, परियोजना निदेशक आईटीडीए इंदु गुप्ता, अपर समाहर्त्ता सुधीर कुमार गुप्ता, एलडीएम गुमला, जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेंद्र पाण्डेय, जिला कल्याण पदाधिकारी अजय जेराल्ड मिंज, एडीपीओ पीयुष कुमार, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, विभिन्न बैंक शाखाओं के शाखा प्रबंधक/ जिला स्तरीय समन्वयक व अन्य उपस्थित थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse