टीम एबीएन, रांची। नारी शक्ति सेना की ओर से हरमू के स्वागतम बैंक्वेट हॉल में बुधवार को आयोजित आदर्श सामूहिक विवाह में 15 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। आदर्श सामूहिक विवाह में प्रेम, जागरूकता और सामाजिक दायित्व के कई रंग एक साथ दिखाई पड़े। गरीबी, अमीरी और कुप्रथाओं से अलग होकर 15 जोड़े का विवाह संपन्न हुआ। सबने मिलकर जरुरतमंद परिवार से जुड़े युवक-युवतियों की गृहस्थी बसाई। विवाह कार्यक्रम में लोगों का उत्साह देखने लायक था। सुहाग जोड़े में लिपटीं कन्याओं का जब विवाह संस्कार संपन्न हो रहा था उस समय आयोजकों के दिल खुशी से चहक रहे थे। सभी तन्मयता से अपने-अपने काम में जुटे हुए थे। सभी तरह की व्यवस्था में लोग दिल खोलकर जुटे हुए थे। समारोह में शामिल होने आए लोग इसे अपने घर की शादी मानकर योगदान कर रहे थे। विवाह से पूर्व आयोजन स्थल पर दुल्हनों को तैयार करने में भी दर्जनों महिलाएं घंटों तक जुटी रहीं। इसके बाद हाथों में मेहंदी रचायी गयी। आयोजन स्थल पर चहल-पहल बनी हुई थी। पाणिग्रहण संस्कार संपन्न होने के बाद आरएसएस के वीरेंद्र पांडे, कमेटी की अध्यक्ष सुचिता तिवारी समेत अन्य ने नव दंपति को आशीष दिया। विवाह के बाद सहभोज हुआ। इसके बाद नव दंपति को जरूरत के सामान के साथ विदा किया गया। आयोजन स्थल पर कमेटी की ओर से जरूरतमंद परिवार की सेवा को लेकर अस्पताल और स्कूल खोलने का निर्णय लिया गया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse