एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। गुमला-लोहरदगा ट्रक आॅनर एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल पिछले दिनों एसोसिएशन के संरक्षक सह पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, लोहरदगा के उपायुक्त, डीएमओ कार्यालय में डीएमओ की अनुपस्थिति में खान निरीक्षक से मिलकर सभी को ज्ञापन सौंपते हुए एसोसिएशन ने कहा है कि दुर्घटना किसी से भी हो सकती है। लेकिन लापरवाही बर्दाश्त नहीं है।
साथ ही मांग की है कि लोहरदगा शहर मे बाईपास सड़क के निर्माण में तेजी लायी जाये क्योंकि एक ही सड़क होने से गाड़ियों का बहुत अधिक बोझ है, जिससे आये दिन दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।
यह भी कहा गया कि लोहरदगा डीएमओ ने यह नियम लागू किया है कि पाखर से लोहरदगा के ट्रकों को आधा घंटा में खाली किया जाए एवं ऊपर पाट (नेतरहाट प्लेटो) से आनेवाले अमतीपानी, कुजाम, चिरोडीह आदि माइंसों के ट्रकों को चार घंटे में खाली किया जाये। खाली नहीं करने की स्थिति में ड्राइवर, मालिकों को जेल भेज दिया जा रहा है या मोटा फाइन लगा दिया जा रहा है।
जिसको लेकर एसोसिएशन का कहना है कि पहाड़ से निकलने के बाद घाटी, बाजार, हॉट, धरना-प्रदर्शन, मेला, जतरा, धार्मिक त्योहार, नेतरहाट रूट होने के कारण वीआईपी आगमन पर नो एंट्री, साइकिल रेस, रोड जाम, नो एंट्री चालक का खाना, गाड़ी का खराब होने की स्थिति एवं रास्ते में दो फॉरेस्ट नाका में एंट्री करने में एक ट्रक को आधा से एक घंटा लगता है।
ऐसी स्थिति में 4 घंटे में बहुत कम समय और इस कारण भी दुर्घटनाएं बढ़ रही है। नो एंट्री के वक्त भी एसोसिएशन ने अपील की है कि सेन्हा और शंख नदी दोनों तरफ नो एंट्री लगाने के बाद अगर एक तरफ से गाड़ियां छोड़ी जाती है, तब भी शहर जाम हो जाता है।
इसलिए नो एंट्री लगे, लेकिन साथ-साथ प्रति घंटे 10-20 गाड़ी करके गाड़ियों को छोड़ दिया जाए ताकि एकाएक अव्यवस्था का माहौल न बने। एसोसिएशन ने यह भी कहा है कि कि हिंडालको कंपनी के बॉक्साइट ट्रक हेसल प्लांट में खाली करते हैं किंतु हेसल में जगह की कमी होने के कारण ट्रकों को सड़क पर तीन-तीन दिन तक ड्राइवर खलासी भूखे प्यासे खड़े रहते हैं और आम जनता, यात्री भी परेशान होते हैं।
इस पर एसोसिएशन ने साफ कहा है कि इन्हीं परेशानियों को देखते हुए एसोसिएशन ने हेसल में खाली करने वाले सभी माइंसों के ट्रकों को बंद कर दिया है। साथ ही परिवहन ठप कर दिया है। हिंडालको पार्किंग की जगह दे, तभी हम लोग और सुचारु व्यवस्था मे ट्रक चलायेंगे। हिंडाल्को समझौते के मुताबिक ट्रिप भी नहीं दे रही है।
अगर हिंडालको समुचित ट्रिप नहीं देती है तो हर्जाना (डिटेंशन चार्ज) दिया जाये। मांग में यह भी कहा गया कि शहर में छोटे-छोटे बच्चे स्कूटी एवं बाइक ट्रिपल राइट चला रहे हैं। इस पर भी रोक लगनी चाहिए क्योंकि इससे दुर्घटनाएं बढ़ रही है। एसोसिएशन ने उपायुक्त से यह भी मांग की है कि सड़क सुरक्षा समिति में एसोसिएशन के पदाधिकारियों को शामिल किया जाये ताकि प्रशासन और एसोसिएशन एक दूसरे को अपनी बातों से अवगत कराया सके।
मांग पत्र में यह भी स्पष्ट किया है कि समय-समय पर विभिन्न स्थानों पर और तीनों जिलों लोहरदगा गुमला लातेहार में जागरूकता अभियान चलाया जायेगा। कोई भी चालक अगर गलत स्थिति में पकड़ाता है तो उस पर कार्रवाई की जायेगी। यह भी मांग की गयी है कि 15 वर्षों से पुराने व्यावसायिक वाहनों को दक्षिण छोटानागपुर में रोड परमिट नहीं दिया जा रहा है और कोई कारण भी नहीं बताया जाता है।
न कोई ऐसा नियम है कि इसको रोका जा सकता है, लेकिन परमिट नहीं होने के कारण काफी परेशानी हो रही है। इसलिए जिला प्रशासन से मांग की गयी है कि आप राज्य स्तर पर कह कर हम लोगों को परमिट दिलवाये। सभी मुद्दों पर उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि आप भी सहयोग करें। सुचारू एवं नियम संगत परिवहन हो, हम लोगों भी आप लोगों की जो भी समस्याएं हैं उसका समाधान करेंगे।
दूसरी ओर धीरज प्रसाद साहू ने भी कहा कि परिवहन हो लेकिन सुरक्षित परिवहन हो, इसके लिए मैं जिला प्रशासन से ही बात करूंगा और उन्होंने हिंडाल्को के वरीय उपाध्यक्ष से बात की। कहा कि आप व्यवस्था को सुचारू रूप से बनायें ताकि आम जनता भी परेशान न हो और ट्रक मालिक भी परेशान न हो और व्यवसाय भी सुचारू रूप से चले।
इन बैठकों में एसोसिएशन के अध्यक्ष कंवलजीत सिंह, सचिव मुंद्रिका यादव, कोषाध्यक्ष अभय सिंह, उपाध्यक्ष इम्तियाज उर्फ बबलू शामिल थे। एसडीओ द्वारा आयोजित सड़क सुरक्षा और परिवहन में आ रही परेशानियों को लेकर जो बैठक आयोजित की गयी थी, उस बैठक में भी एसोसिएशन के पदाधिकारी शामिल हुए एवं अपनी बातों से जिला प्रशासन को भी अवगत कराया गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse