एबीएन डेस्क। आज देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। आज कोरोना वायरस जैसी महामारी के खिलाफ वैक्सीनेशन का साल पूरा हो रहा है। आज के दिन 16 जनवरी 2021 को देश में स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाए जाने की शुरूआत हुई थी, उसके बाद से कोरोना टीके दिए जाने का सिलसिला जारी है। अबतक देश में वैक्सीन की 157 करोड़ डोज़ लगाई जा चुकी हैं, लेकिन पूरी आबादी को टीका लगाने का लक्ष्य अब भी दूर है। बता दें, एक साल पहले 138 करोड़ की आबादी को वैक्सीन दिया जाना आसान नहीं था। आज जब कोरोना की तीसरी लहर फैली हुई है, उसमें टीकाकरण गंभीर बीमारी को रोकने में बड़ी भूमिका निभा रहा है। बड़ी बात यह है कि देश में 8 फीसदी आबादी ऐसी है, जिसे अब तक एक भी टीका नहीं लगा। वहीं, 31 फीसदी आबादी ऐसी है, जिन्हों अब तक दोनों टीके नहीं लगे। इसी सिलसिले में केंद्र सरकार कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण अभियान के एक साल पूरे होने पर एक डाक टिकट जारी करने के लिए पूरी तरह तैयार है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। देश में रविवार को टीकाकरण अभियान का एक वर्ष पूरा करने जा रहा है। यह पिछले साल 16 जनवरी से शुरू हुआ था। इस अवसर को चिह्नित करने के लिए एक स्मारक डाक टिकट जारी किया जाएगाभारत रविवार को राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान की पहली वर्षगांठ मनाएगा, जिसमें स्वास्थ्य देखभाल और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ता वैक्सीन की बुस्टर खुराक प्राप्त करने के लिए पहली कतार में होंगे। टीकाकरण अभियान को बाद में वरिष्ठ नागरिकों और कॉमरेडिटी वाले लोगों के लिए विस्तार दिया गया था। इस समय 15 से 18 साल उम्र के बच्चों का भी टीकाकरण किया जा रहा है। स्वास्थ्य कर्मियों, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं और साठ साल उम्र से अधिक व्यक्तियों को एहतियाती खुराक देने का अभियान 10 जनवरी से शुरू हुआ। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया डाक टिकट जारी करेंगे और वर्चुअल तौर पर कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। केंद्रीय संचार राज्यमंत्री देवूसिंह चौहान भी भारत बायोटेक के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक डॉ कृष्णा एला के साथ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस बीच, भारत का कोविड-19 टीकाकरण कवरेज 156 करोड़ मील का पत्थर पार कर गया है। शनिवार को शाम 7 बजे तक 57 लाख से ज्यादा वैक्सीन खुराक दी जा चुकी थीं। कोविड टीकाकरण के लिए चिन्हित श्रेणियों के लाभार्थियों को अब तक 42 लाख से अधिक एहतियाती खुराक दी जा चुकी हैं। इस बीच, 3 जनवरी को 15 से 18 वर्ष की आयु के किशोरों के लिए टीकाकरण अभियान की शुरुआत के बाद से उस आयुवर्ग के लगभग 40 प्रतिशत व्यक्तियों को भी टीके की पहली खुराक मिली है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक इस समूह के कुल 3,36,09,191 किशोरों का टीकाकरण किया जा चुका है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse