टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कोरोना का कहर टूट पड़ा है। कोरोना संक्रमण का आंकड़ा नित नए रिकॉर्ड बनाने की ओर अग्रसर है। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री और जेएमएम सुप्रीमो शिबू सोरेन भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने खुद को आइसोलेशन में कर लिया है। राज्य भर के समर्थक उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए दुआ कर रहे हैं। इधर, मुख्यमंत्री आवास में कोरोना बम फूट गया है।15 जनवरी को लिए गए 61 सैंपल में से 28 पॉजिटिव आए हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। बता दें कि तबीयत बिगड़ने पर 14 जनवरी को राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन का मुख्यमंत्री आवास पर सैंपल लिया गया था। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद उन्होंने खुद को क्वारंटाइन कर लिया है। शनिवार को चिकित्सकों की देखरेख में वे अपने आवास में ही थे। इसके अलावा शिबू सोरेन के साथ, छह अन्य लोग भी संक्रमित पाए गए हैं।।सबको आइसोलेशन में भेज दिया गया है। झारखंड के आदिवासी समुदाय और राजनीतिक जगत में गुरुजी के नाम से मशहूर राज्यसभा सांसद शिबू सोरेने को दूसरी बार कोरोना हुआ है। इससे पहले 22 अगस्त 2020 को भी गुरुजी संक्रमित हो गए थे। तब उनकी स्थिति क्रिटिकल होने से उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब एक महीने तक इलाज के बाद स्वस्थ होने पर झामुमो सुप्रीमो डिस्चार्ज होकर घर लौटे थे। इस वक्त उनकी पत्नी रूपी सोरेन भी संक्रमित हुई थीं। झारखंड में संक्रमितों की संख्या इन दिनों तेजी से बढ़ रही है। 14 जनवरी को झारखंड में कोरोना के 3749 नए केस मिले थे, राजधानी रांची में तो संक्रमितों की संख्या एक हजार पार कर गई थी। इस दिन यहां 1355 नए केस मिले थे, जबकि 13 जनवरी को झारखंड में कोरोना के करीब 4 हजार केस मिले थे। पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का अधिकारिक आवास मोराबादी में है, जहां अभी रिनोवेशन का काम चल रहा है। इसलिए पिछले कुछ महीनों से पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन अपने बेटे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर ही रह रहे हैं। 14 जनवरी को शिबू सोरेन के साथ 07 अन्य लोगों का सैंपल कोरोना जांच के लिए लिया गया था। इनमें शिबू सोरेन के साथ छह अन्य सैंपल में कोरोना का संक्रमण मिला।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse