टीम एबीएन, रांची। पेट्रोल-डीजल के दामों में 3 रुपये की वृद्धि और किल्लत की खबरों के बीच राजधानी रांची में दूसरे दिन भी तेल को लेकर त्राहिमाम की स्थिति दिख रही है। लोग पेट्रोल-डीजल के लिए एक पेट्रोल पंप से दूसरे पेट्रोल पंप के चक्कर लगा रहे हैं। जिस पेट्रोल पंपों पर तेल मिल रहा है, वहां सुबह से ही वाहनों की लंबी कतार देखने को मिल रही है। कुछ लोग तो गैलन और बोतल में भी पेट्रोल-डीजल स्टॉक कर रहे हैं।
एबीएन ने सुबह 7 बजे से 7:30 बजे तक शहर के 7 पेट्रोल पंपों का जायजा लिया। इस दौरान चार पेट्रोल पंप ड्राई होने के कारण बंद मिले। वहीं एक पेट्रोल पंप पर सिर्फ डीजल मिल रहा था, वहां पेट्रोल खत्म हो चुका था। हरमू रोड के दो पेट्रोल पंपों में से सिर्फ एक खुला है।
हरमू नदी के नजदीक वाले पेट्रोल पंप में केवल डीजल मिल रहा है। ऐसे में जिन्हें पेट्रोल लेना है, वे बिना तेल लिए मायूस लौट रहे हैं। हालांकि पेट्रोल पंप में डीजल लेने वाले वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। वहीं शनि मंदिर के निकट स्थित पेट्रोल पंप बंद पड़ा था, वहां सैकड़ों की संख्या में लोग अपने वाहन लगाए सुबह 6 से ही खड़े थे। वहां के पेट्रोल पंप कर्मियों ने लोगों को करीब 2 घंटे के बाद पेट्रोल पंप खुलने का आश्वासन दिया था।
दूसरी तरफ कांके रोड में मारुति शोरूम के बगल में स्थित पेट्रोल पंप पर भी दोपहिया और चार पहिया वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। कांके रोड के बजरंगबली मंदिर के निकट का पेट्रोल पंप बंद था। पेट्रोल पंप कर्मी 1 से 2 घंटे के बाद खुलने का आश्वासन दे रहे थे। जबकि करम टोली- जेल मोड रोड स्थित दोनों पेट्रोल पंप बंद मिले। इनमें से एक में पेट्रोल नहीं का पोस्टर लगा था।
वहीं रिम्स के बगल में स्थित पेट्रोल पंप में भी वाहनों की लंबी कतार लगी हुईथी। दो पहिया वाहन चालकों ने बताया कि जिन पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल मिल रहे हैं, वहां मात्र 200 रुपए का ही पेट्रोल दिया जा रहा है। जबकि कार चालकों ने बताया कि उन्हें अधिकतम 500 रुपए का ही पेट्रोल मिल पाया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse